Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 12, 2012 - 03:00:51 AM


Title - रेलवे स्टेशन पर कुलियों की मनमानी
Posted by : railgenie on Sep 12, 2012 - 03:00:51 AM

जम्मू : रेलवे मार्ग से जम्मू आने-जाने वाले हजारों श्रद्धालु इन दिनों खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। सुरक्षा कारणों का हवाला देकर स्टेशन परिसर में वाहन पर पाबंदी लगा दी गई है, जिस कारण यात्रियों को पेड-पार्किंग स्थल से ट्रेन तक पैदल जाना पड़ता है। ऐसे में यात्रियों को सामान ट्रेन तक पहुंचने तथा बाहर ले जाने के लिए कुलियों की मदद लेनी पड़ती है। यात्रियों का आरोप है स्टेशन में तैनात कुली रेलवे द्वारा तय रेट के हिसाब से पैसे न लेकर मनमाने पैसे वसूलते हैं।जम्मू रेलवे स्टेशन में हर रोज 30 हजार के करीब यात्री पहुंच रहे हैं और इतने ही जम्मू से जा भी रहे हैं। इतनी अधिक संख्या में यात्रियों के आने-जाने के बावजूद स्टेशन में कुलियों की संख्या मात्र एक सौ है। कुलियों की अधिक मांग के कारण अक्सर उन पर यात्रियों से मनमाने दाम वसूलने के आरोप लगाते हैं। हालांकि रेलवे प्रबंधन ने कुलियों द्वारा सामान स्टेशन से ले जाने तथा लाने के लिए रेट तय किए हैं। रेलवे प्रबंधन ने कुली द्वारा उठाए जाने वाले सामान का वजन तथा यात्रियों के सामान को ट्रेन के अंदर पहुंचने के लिए करने वाले इंतजार के हिसाब से पैसे तय किए हैं।

--------------

फिरोजपुर डिवीजन के सीनियर कमर्शियल मैनेजर एमएन मीना के अनुसार यदि कोई यात्री कुलियों द्वारा तय रेट से अधिक पैसे वसूलने की शिकायत करेगा तो उसकी जांच की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेट लिस्ट के बोर्ड भी परिसर में लगाए गए हैं।

---

कुली एसोसिएशन के प्रधान हरनाम सिंह के अनुसार तय रेट से अधिक पैसे वसूलने वाले कुली के विरुद्ध एसोसिएशन अपने स्तर पर भी कार्रवाई करती है। एसोसिएशन रेलवे प्रबंधन के साथ इस बात को सुनिश्चित करती है कि यात्रियों से ठगी न हो।

-------------

रेलवे प्रबंधन द्वारा कुलियों के लिए तय रेट

-- यात्रियों के 40 किलो या उससे कम वजन वाले सामान को उठाने के लिए कुली को 40 रुपये देने होंगे। ट्रेन में सामान रखने के लिए 20 मिनट समय लगने के उपरांत कुली को 40 रुपये और देने होंगे।

-- प्रति ट्रिप 40 किलो से अधिक वजन उठाने के लिए कुली को 65 रुपये देने होंगे। ट्रेन में सामान रखने के लिए 20 मिनट लगने के बाद कुली को 65 रुपये और देने होंगे।

--कुली द्वारा रेहड़ी में दो क्विंटल तक सामान ढोने के लिए 90 रुपये देने होंगे। रेहड़ी को दो कुली खींचेंगे।