Indian Railways News => Topic started by railgenie on Apr 26, 2013 - 00:00:33 AM


Title - रेलवे में चुनावी दंगल, रैली निकाल मांगा समर्थन
Posted by : railgenie on Apr 26, 2013 - 00:00:33 AM

रेलवे में कर्मचारी संगठनों को मान्यता देने के लिए होने वाले चुनाव का दंगल सोमवार को परवान पर रहा। चुनाव प्रचार का आखिरी दिन होने से नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन ने वर्कशॉप के बाहर से यूनियन ऑफिस तक रैली निकाली और सभा कर कर्मचारियों को सोच-समझकर मतदान करने का आह्वान किया। इधर, यूपीआरएमएस ने सुबह वर्कशॉप के बाहर गेट मीटिंग कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की।





जोधपुर मंडल के करीब साढ़े नौ हजार कर्मचारी 25 से 27 अप्रैल तक अपने-अपने संगठनों को रेल प्रशासन से मान्यता दिलवाने के लिए वोट देंगे। चुनाव आचार संहिता के कारण सोमवार को प्रचार थम गया। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन ने वर्कशॉप के बाहर बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों को एकत्रित कर शक्ति प्रदर्शन किया। यूनियन के मंडल सचिव बाबूसिंह के नेतृत्व में कर्मचारी रैली के रूप में यहां से रवाना होकर रेलवे कॉलोनियों में गए और कर्मचारियों से अपने पक्ष में मतदान की अपील की।



बाद में रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से होते हुए स्टेशन रोड स्थित यूनियन ऑफिस पहुंच सभा में तब्दील हो गई। बाबूसिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दूसरे संगठनों ने हमेशा कर्मचारियों के हितों के खिलाफ कार्य किया है। ऐसे संगठन रेलवे में कर्मचारियों व यूनियन के पदाधिकारियों के लिए चोर व गुंडे जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रेलवे का माहौल खराब कर रहे हैं।





उन्होंने ऐसे संगठनों को दरकिनार कर एनडब्ल्यूआरईयू का विजयी बनाने का आह्वान किया। इधर यूपीआरएमएस की ओर से वर्कशॉप के बाहर गेट मीटिंग हुई। गेट मीटिंग और रैली के दौरान वर्कशॉप के बाहर दोनों संगठनों की ओर से जमकर नारेबाजी की गई। गेट मीटिंग में संघ के शाखा सचिव अजय शर्मा व कर्मचारी नेता प्रेमचंद कटारिया ने कर्मचारियों से अपील की कि वे संघ के काम को ध्यान में रखकर मतदान करे।