Indian Railways News => Topic started by Jitendar on Sep 09, 2012 - 21:00:24 PM


Title - रेल यात्री ध्यान दें! टोकन सिस्टम से फिलहाल राहत नहीं
Posted by : Jitendar on Sep 09, 2012 - 21:00:24 PM

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन ऑफिस में लगाया गया इलेक्ट्रॉनिक टोकन सिस्टम फिलहाल यात्रियों को राहत नहीं दे पा रहा है। सीनियर सिटीजन सहित कुछ यात्री इसमें ज्यादा समय लगने की शिकायत कर रहे हैं। वहीं, रेलवे के अधिकारी थंब इंप्रेशन मशीन लगने के बाद व्यवस्था में सुधार होने का दावा कर रहे हैं।भास्कर संवाददाता ने शुक्रवार दोपहर में जब भोपाल रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन के टोकन सिस्टम का जायजा लिया तो सीनियर सिटीजन सबसे ज्यादा नाराज दिखे। उनका कहना था कि टिकट बनवाने में पहले से ज्यादा समय लग रहा है। वहीं, एक ही विंडो से टोकन दिए जाने से भी कुछ यात्री नाराज दिखे।
टोकन लेकर जाने वाले परेशान : टोकन लेने वाले यात्री का रिजर्वेशन के लिए नंबर आने पर वहां लगे दो डिस्प्ले स्क्रीन पर टोकन व विंडो का नंबर आता है। इसके बाद यात्री को टिकट बनवाने रिजर्वेशन विंडो पर पहुंचना होता है। ऐसे में उन यात्रियों को समस्या हो रही है, जो अपना टोकन लेकर बाहर चले जाते हैं। फिलहाल यह समय निर्धारित नहीं हो सका है कि टोकन कितनी अवधि तक वैध रहेगा।वहीं, सीनियर सिटीजंस का टिकट फिलहाल 10 नंबर खिड़की से नहीं बन पा रहा है। पहले सीनियर सिटीजंस को कुछ ही देर में रिजर्वेशन टिकट इस विंडो से मिल जाता था। अब उन्हें भी टोकन लेकर इंतजार करना पड़ रहा है। पहले उनका टिकट पांच मिनट में बनता था, अब नई व्यवस्था के तहत 20 से 25 मिनट लग रहे हैं।

नहीं आई थंब इंप्रेशन मशीन
टोकन सिस्टम को सुचारू रूप से चलाने के लिए फिलहाल थंब इंप्रेशन मशीन नहीं लग सकी है। उसका सॉफ्टवेयर और मशीन के पार्ट्स फिलहाल यहां नहीं पहुंचे हैं। मशीन आते ही सारा सिस्टम कम्प्यूटराइज्ड हो जाएगा।