Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Sep 09, 2012 - 18:00:20 PM


Title - यमुनानगर-पंचकूला रेल लाइन पर संकट
Posted by : ConfirmTicket on Sep 09, 2012 - 18:00:20 PM

कुरुक्षेत्र:  यमुनानगर से पंचकूला तक बिछाई जाने वाली रेल लाइन में रुकावट की आशंका पैदा हो गई है। संस्कृति मंत्री कुमारी शैलजा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि यमुनानगर-पंचकूला रेल मार्ग के निर्माण के लिए आधा रुपया प्रदेश सरकार वहन करने की मंजूरी दे, तो इसका काम शुरू हो सकता है।अंबाला की सांसद शैलजा ने कहा कि यमुनानगर-पंचकूला रेल लाइन के लिए केन्द्रीय सरकार और रेल मंत्रालय के नियमों के मुताबिक हरियाणा सरकार को 50 प्रतिशत धनराशि और जमीन उपलब्ध करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसके लिए स्वीकृति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि रोहतक क्षेत्र में बिछाई जा रही एक रेल लाइन के लिए प्रदेश सरकार ने रुपये और जमीन मुहैया करवा दी है।कुमारी शैलजा यमुनानगर में शनिवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र का उद्घाटन करने पहुंची थीं। 10 लाख की लागत से बिलासपुर विकास खंड के गांव भील छप्पर में केंद्र का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद जगाधरी ऐसे ही एक केंद्र का उन्होंने उद्घाटन किया, जिस पर 25 लाख की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया में कंप्यूटर की शिक्षा व सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उभरा है और यह सब पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के सपनों के अनुरूप हुआ है।इन केन्द्रों में ग्रामीण विकास के अधिकारियों का कार्यालय होगा और इंटरनेट युक्त कंप्यूटर सिस्टम सीधे ग्रामीण विकास मंत्रालय से जुड़ा होगा।