Indian Railways News => Topic started by irmafia on Mar 06, 2013 - 00:01:17 AM


Title - जांच कमेटी ने क्षतिग्रस्त पटरी से ट्रेन गुजरने की पड़ताल शुरू की
Posted by : irmafia on Mar 06, 2013 - 00:01:17 AM

मालवीय नगर में नंदपुरी अंडरपास के पास टेढ़ी पटरी से ट्रेन गुजरने के मामले की जांच शुरू हो गई। मंगलवार को तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने इस मामले की पड़ताल शुरू कर दी।

रेलवे प्रशासन ने सोमवार रात को इस जांच कमेटी का गठन किया था।इसमें असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर, असिस्टेंट मैकेनिकल इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर शामिल हैं। कमेटी ने मंगलवार को मौके की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित इंजीनियरों से बात की। कमेटी तीन दिन में रिपोर्ट सौंपेंगी।

गौरतलब है कि सोमवार शाम को इस पटरी से मरुधर एक्सप्रेस गुजरते समय झटका लगने के कारण ड्राइवर ने ट्रेन रोक दी थी। इसके बाद इंजीनियरों ने इस पटरी को ठीक किया था। तभी पूजा एक्सप्रेस भी आ गई थी। इस ट्रेन को भी धीमी गति से निकाला गया था। इस कारण सोमवार शाम को दो घंटे तक ट्रेन यातायात अवरूद्ध हो गया था।