Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jan 26, 2013 - 00:00:40 AM


Title - गणतंत्र दिवस पर रेलवे चौकस
Posted by : railgenie on Jan 26, 2013 - 00:00:40 AM

खड़गपुर (प.मेदिनीपुर) : दक्षिण-पूर्व रेलवे अंतर्गत खड़गपुर में गणतंत्र दिवस को लेकर रेलवे एवं नागरिक प्रशासन की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। खासकर माओवाद प्रभावित क्षेत्र खड़गपुर-टाटानगर संभाग में पुलिस एवं रेल प्रशासन द्वारा खास नजरदारी की जा रही है। दक्षिण-पूर्व रेलवे अंतर्गत खड़गपुर डिवीजन के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त (रेसुब) पीवीएस शांताराम के मुताबिक गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए डिवीजन में आरपीएफ द्वारा तगड़ी सुरक्षा-व्यवस्था की योजना बनाई गई है। खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर नए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। आने-जाने वाले प्रत्येक यात्रियों को मेटल डिटेक्टर में प्रवेश करने के बाद ही आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा रेसुब जवानों को भी हैंड मेटल डिटेक्टर उपलब्ध कराया गया है, जिससे यात्रियों के सामानों की जांच की जाएगी। खड़गपुर, मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, गिधनी, शालबनी सभी रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में चौकसी के लिए अतिरिक्त जवानों को भी तैनात किया गया है। खासकर माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में आरपीएफ की विशेष नजरदारी रहेगी। इसके लिए जवानों को अलर्ट कर दिया गया है।दूसरी ओर गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में जगह-जगह तिरंगे की दुकानें सज भी गई हैं। गोल बाजार, गेट बाजार, खरीदा, नीमपुरा, पुरातन बाजार में दर्जनों विक्रेताओं की ओर से तिरंगे की दुकानें सजाई गई है। कपड़ों के अलावा टेबल ध्वज तथा बच्चों में लोकप्रिय कागज के झंडे की भी बिक्री हो रही है। इधर गणतंत्र दिवस को लेकर रेलवे के सेरसा स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर साफ सफाई व साज-सज्जा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां प्रस्तुत किए जाने वाले परेड को लेकर रेसुब सहित अन्य संगठनों की ओर से रिहर्सल का काम शुरू कर दिया गया है, वहीं खड़गपुर अनुमंडल प्रशासन की ओर से ट्रैफिक ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को लेकर भी जोरदार तैयारियां की जा रही हैं।