Indian Railways News => Topic started by railgenie on Mar 05, 2013 - 15:00:33 PM


Title - इलाहाबाद :कुंभ बाद शुरू होगा 11 नंबर प्लेटफार्म
Posted by : railgenie on Mar 05, 2013 - 15:00:33 PM

इलाहाबाद : जंक्शन पर ट्रेनों और यात्रियों के लिए प्लेटफार्म की कमी का रोना शीघ्र खत्म होने वाला है। कुंभ मेले के बाद प्लेटफार्म नंबर 11 का निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।

जंक्शन पर अभी दस प्लेटफार्म हैं। इनमें प्लेटफार्म नंबर पांच का उपयोग लगभग न के बराबर होता है। इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर सात से दस तक का उपयोग प्रयाग अथवा नैनी की ओर जाने वाली ट्रेनों के लिए तथा एक से तीन तक का उपयोग कानपुर और मुगलसराय की ओर जाने वाली ट्रेनों के लिए होता है। प्लेटफार्म नंबर चार व छह से दिल्ली और हावड़ा रूट की अन्य ट्रेनें होकर गुजरती हैं। इस रेलवे स्टेशन से लगभग 250 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें एवं मालगाडि़यां गुजरती हैं। ट्रेनों की भीड़ के चलते इलाहाबाद जंक्शन पर प्लेटफार्म की कमी रहती है जिससे अक्सर ट्रेनों को आउटर पर रोका जाता है। प्लेटफार्म पर आने के लिए गाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में मुसाफिरों को भी मुश्किल होती है। ऐसे में प्लेटफार्म नंबर 11 का निर्माण होने से यात्रियों के साथ रेल प्रशासन को भी राहत देगा। कुंभ का समापन करीब देख जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर 11 के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। यह प्लेटफार्म डीजल लोकोमोटिव शेड के निकट बनाया जाना है। इसके लिए वर्तमान रेलवे बजट में दो करोड़ दस लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त यहां फुटओवर ब्रिज, सायबान, धुलनीय एप्रेन समेत अन्य कार्य के लिए तीन करोड़ बीस लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। शेष कार्य के लिए अगले वित्तीय वर्ष में बजट आवंटित किया जाएगा।

कैसे पहुंचेंगे नए प्लेटफार्म पर

प्लेटफार्म दो से दस तक के किसी यात्री को प्लेटफार्म नंबर 11 पर जाने के लिए सिविल लाइंस सरकुलेटिंग एरिया में बाहर निकलना होगा अथवा प्लेटफार्म नंबर एक पर आकर पश्चिम छोर के अंतिम में प्रस्तावित एफओबी (फुटओवर ब्रिज) का इस्तेमाल करना होगा। इस कवायद में उसे लगभग डेढ़ से दो किमी. पैदल यात्रा करना पड़ेगा।

--------

नए प्लेटफार्म का कार्य कुंभ के बाद शुरू होने की उम्मीद है। प्लेटफार्म से संबंधित सारे कार्य एक-एक कर पूरे किए जाएंगे। पहले डीजल लोकोमोटिव वर्कशॉप को हटाया जाएगा। एफओबी के लिए इंजीनियर डिजाइन बनाएंगे जिसे देखने के बाद मंजूरी दी जाएगी।

-संदीप माथुर, सीपीआरओ

उत्तर मध्य रेलवे, इलाहाबाद।