Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Aug 29, 2012 - 03:01:31 AM


Title - अब दिल्ली से कानपुर 4.24 घंटे में, अक्तूबर से दौड़ेगी सबसे फास्ट ट्रेन
Posted by : puneetmafia on Aug 29, 2012 - 03:01:31 AM

‘दिल्ली दूर नहीं’ की जगह रेलवे अब ‘कानपुर दूर नहीं’ का नारा बुलंद कर शहर वासियों को एक ‘सुपरफास्ट’ तोहफा देने जा रहा है। रेलवे 19 अक्तूबर से 10 नवंबर के बीच अब तक की सबसे तेज रफ्तार वाली स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस (दिल्ली-सियालदाह वाया कानपुर) प्रयोग के तौर पर चलाने जा रहा है।

4 ट्रिप वाली यह साप्ताहिक ट्रेन दिल्ली से कानपुर सबसे कम समय यानी 4.24 घंटे में पहुंचेगी। हालांकि, कानपुर से दिल्ली पहुंचाने में यह ट्रेन 4.50 मिनट लेगी। इस स्पेशल ट्रेन का लाभ शहरी भी ले सकेंगे।

कानपुर सेंट्रल के स्टेशन अधीक्षक मेवालाल ने बताया कि स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस सियालदाह से दिल्ली वाया कानपुर 4 चक्कर लगाएगी। ट्रेन में एसी फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड कोच होंगे। ट्रेन में रिजर्वेशन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा।

उन्होंने बताया कि इस रूट पर चलने वाली शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें लगभग 5 घंटे में दिल्ली से कानपुर पहुंचाती हैं। केवल रिवर्स शताब्दी की 4.40 घंटे में कानपुर पहुंचाने की समयसीमा है, लेकिन यह ट्रेन भी 5 घंटे ही लगाती है। स्वर्ण शताब्दी तो 5.15 घंटे में दिल्ली से आती है।

उधर, रेलवे अफसरों का दावा है कि साल 2010 में आटोमैटिक सिगनल सिस्टम लगाते समय एलान हुआ था कि इस रूट पर 140 किमी. की रफ्तार से शताब्दी और राजधानी ट्रेनें दौड़ेंगी। कानपुर से दिल्ली के बीच यह काम पूरा हो रहा है। इस लिहाज से प्रयोग के तौर पर स्पेशल राजधानी चलाने का फैसला हुआ है।

ट्रेन का टाइम टेबल
- 03114 डाउन दिल्ली से 20:10 बजे चलेगी और 00:34 बजे कानपुर आकर 12:25 बजे सियालदाह पहुंचेगी। दिल्ली से यह ट्रेन 20, 27 अक्तूबर, 3 और 10 नवंबर को चलेगी।

- 03113 अप सियालदाह से 18:40 बजे चलेगी और 6:15 बजे कानपुर आकर 11:05 दिल्ली पहुंचेगी। सियालदाह से यह ट्रेन 19, 26 अक्तूबर, 2 और 9 नवंबर को चलेगी।
http://bit.ly/SKZVOs