Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on May 15, 2013 - 20:00:04 PM


Title - Indian railway gift you illnesses in travel - यात्रीगण ध्यान दें! भारतीय रेल यात्रा में आपको दे सकती
Posted by : AllIsWell on May 15, 2013 - 20:00:04 PM

वाराणसी. रेल किराए में इजाफा करते समय सरकार ने यह दलील दिया था कि पैसे की कमी की वजह से यात्री सुविधाएं नहीं मिल पाती। इसी आधार पर रेल किराए में पर्याप्त इजाफा किया गया था। पर आज भी स्थिति ढाक के तीन पात है। हाईटेक सुविधाओं के नाम पर लोगों की जेब तो ढीली हो गई, लेकिन बुनियादी सुविधाएं ही नदारद हैं। यहां तक कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सेहत से खिलावड़ करने लगा है। यकीन नहीं होता तो वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर स्थित पीने के पानी की टंकियों से संबंधित दैनिकभास्कर.कॉम के स्टिंग ऑपरेशन को देखिए और पढिए।   
गर्मी में सबसे जरुरी चीज पानी होती है। पर यही पानी यदि दूषित हो तो जान लेवा भी साबित हो सकता है। इसी पानी के काले सच को हम स्टिंग ऑपरेशन के जरिये आपको दिखा और बता रहे हैं। दैनिकभास्कर.कॉम की टीम कैंट रेलवे स्टेशन के छतों पर स्थित पीने के पानी की टंकियों तक पहुंची। वहां का नजारा हैरान कर देने वाला था। सभी टंकियां खुली पड़ी हैं। इनमें काई जम चुकी है। सालों से इनकी सफाई तक नहीं हुई है। इनमें न जाने कितने खतरनाक बैक्टेरियां पड़ चुके होंगे। हजारों यात्री अनजाने में रोजाना इस जहरीले पानी को पीते हैं।   
विश्व के प्राचीनतम शहरों में शुमार काशी में रोज हजारों की तादाद में देशी और विदेशी पर्यटक आते हैं। इनका पहला पड़ाव कैंट रेलवे स्टेशन होता है। यहां से रोजाना करीब 100 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेने गुजरती हैं। रेल बजट में स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की डिंगे हांकने वाले नेताओं के लिए यह शर्मानक है। एक तरफ बड़े-बड़े बादे किए जाते हैं, लेकिन दूसरी तरफ यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पातीं।   
ट्रेन में सफर कर रहे सोमेष गुप्ता से जब इस बाबत बात की गई तो उनका कहना था कि रेलवे का बजट पास होता है तो तमाम वादे किये जाते हैं। बजट में जनता पर करोड़ों खर्च करने के बाद भी यदि साफ पानी नहीं पिला सकते तो शर्म की बात है। नेता बस बड़े-बड़े बादे करते हैं, लेकिन आम जनता के बारे में कोई सोचने वाला नहीं है।