| रेल कार्यालयों व कारखानों पर प्रदर्शन by irmafia on 21 September, 2012 - 06:00 PM | ||
|---|---|---|
irmafia | रेल कार्यालयों व कारखानों पर प्रदर्शन on 21 September, 2012 - 06:00 PM | |
लखनऊ। रेल कर्मचारियों ने नई पेंशन स्कीम की विसंगतियों को लेकर डीआरएम कार्यालय, स्टेशन, सवारी माल डिब्बा कारखाना, लोको व डीजल शेड् कारखानों में विरोध-प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन (एआईआरएफ) के आह्वान पर नॉर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन (एनआरएमयू) ने पुरानी पेंशन स्कीम फिर से बहाल करने की मांग की। रेलकर्मियों ने चेताया कि रेलमंत्री ने नई पेंशन स्कीम पर जल्द विचार नहीं किया तो ट्रेनों का चक्का जाम किया जाएगा। चारबाग स्टेशन पर हुई सभा में सहायक महामंत्री आरके पांडे ने कहा कि नई पेंशन स्कीम में सामाजिक सुरक्षा गारंटी या न्यूनतम गारंटीड पेंशन व्यवस्था न होने से 1 जनवरी 2004 के उपरांत मृतक व सेवानिवृत्त रेल कर्मियों को कोई लाभ नहीं मिला है। आश्रित परिवार पारिवारिक पेंशन न मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। वहीं, एआईआरएफ के आह्वान पर मुख्य कारखाना प्रबंधक, सी एंड डब्ल्यू कारखाने के मुख्य गेट पर नई पेंशन स्कीम को वापस लेने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने नारेबाजी की। शाखा मंत्री अरुण गोपाल मिश्रा व केजी अवस्थी व नियाज अहमद ने कहा कि नई पेंशन स्कीम कर्मचारियों के लिए शो-पीस है। इसे वापस लिया जाए। साथ ही अपग्रेडिंग तुरंत लागू करने, बोनस की सीलिंग बढ़ाने की मांग की। प्रदर्शन में सी एंड डब्ल्यू वर्कशॉप शाखा, विद्युत (कर्मशाला), भंडार शाखा के कर्मचारी भी मौजूद थे। पदाधिकारियों ने एक ज्ञापन रेल प्रशासन को सौंपा। लोको कारखाने में भी शाखा अध्यक्ष सुदामा यादव, शाखा मंत्री बीडी मिश्रा व ज्ञान सिंह यादव ने कर्मचारियों को संबोधित किया। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल कार्यालय के बाहर एनई रेलवे मजदूर यूनियन ने भी नई पेंशन स्कीम को समाप्त करने की मांग उठाई। मंडल मंत्री जेबी सिंह ने कहा कि केंद्र की नीतियां मजदूरी विरोधी हैं। सिंह ने कहा कि 25 नवंबर 2011 को संघ घेरने पर स्वयं प्रधानमंत्री ने नई पेंशन स्कीम को समाप्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक आदेश जारी नहीं किया गया। | ||