| दरबदर हुए रेल और बस यात्री by Mafia on 21 September, 2012 - 06:01 PM | ||
|---|---|---|
Mafia | दरबदर हुए रेल और बस यात्री on 21 September, 2012 - 06:01 PM | |
जम्मू : महंगाई और खुदरा बाजार में विदेशी निवेश के मुद्दे पर जम्मू बंद के दौरान सबसे अधिक परेशानी रेल और बस यात्रियों को हुई। माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा जाने के लिए जम्मू पहुंचे यात्री दिनभर दरबदर होते रहे। हालांकि स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एसआरटीसी) की बसें तो चल रही थीं, लेकिन यात्रियों की संख्या के आगे ये नाकाफी साबित हुए।मुख्य बस अड्डे में भी सामान्य दिनों के मुकाबले बसों की संख्या कम रही। निजी बस मालिकों ने भी अपने वाहनों को सड़क पर नहीं उतारा। कुछ निजी ट्रांसपोर्टर छोटे वाहन चला रहे थे, लेकिन यात्रियों ने आरोप लगाया कि वे उनसे मनमाने पैसे वसूल रहे हैं।दिल्ली से परिवार संग माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचे जितेंद्र कुमार साहू ने बताया कि उन्होंने यात्रा करने के लिए ट्रेन में आरक्षण करीब एक माह पूर्व करवाया था। उस समय उन्हें इसका पता नहीं था कि वीरवार को भारत बंद होगा। जम्मू तो वह परिवार संग पहुंच गए, लेकिन कटड़ा जाने के लिए वाहन नहीं मिल रहा है। एसआरटीसी की बसें तो चल रही हैं, लेकिन यात्रियों की अधिक संख्या के कारण यह सुविधा नाकाफी साबित हो रही है। राज्य प्रशासन ने बंद के मद्देनजर कोई बंदोबस्त नहीं किया है। वहीं, दवा बनाने वाली निजी कंपनी के कर्मचारी धीरज कुमार ने बताया कि पंजाब रोडवेज की बस से वह जम्मू तो पहुंच गया, लेकिन अब उसे ऊधमपुर जाने के लिए बस नहीं मिल रही। निजी ट्रांसपोर्टर छोटा वाहन मुहैया तो करवा रहे हैं, लेकिन किराया तीन गुना मांग रहे हैं। | ||