Indian Railways News => Topic started by ConfirmTicket on Jul 23, 2012 - 03:00:06 AM


Title - झांसी- बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस के उद्घाटन की तैयारियां तेज
Posted by : ConfirmTicket on Jul 23, 2012 - 03:00:06 AM

झांसी। सत्ताइस जुलाई को झांसी से बांद्रा टर्मिनल के लिए शुरू होने वाली नई ट्रेन की तैयारियां तेज कर दी गई है। शनिवार को डीआरएम नवीन चोपड़ा ने स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों के संबंध में अफसरों को दिशा निर्देश दिए।डीआरएम ने निरीक्षण की शुरूआत रेलवे परिसर स्थित वीआईपी वाहनों की एंट्री गैलरी से की। यहां दुर्गंध आने पर उन्होंने साइकिल स्टैंड को एक लाइन पीछे की तरफ करके वीआईपी वाहनों के लिए रोड को शुरुआत में बनाने के निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने प्लेटफार्म नंबर एक को देखा, जहां से झांसी- बांदा टर्मिनल एक्सप्रेस 27 जुलाई को सुबह साढ़े नौ बजे रवाना होगी। उन्होंने उद्घाटन कार्यक्रम के लिए यात्री विश्रामालय के सामने मंच बनाने का निर्देश दिया, ताकि ट्रेन के गार्ड का डिब्बा मंच के पास ही आकर खड़ा हो। इसके बाद उन्होंने बुकिंग हाल का निरीक्षण किया। काउंटरों पर धूल व दीवारों पर जाले दिखाई देने पर उन्होंने सफाई व्यवस्था संभालने वाली कंपनी मैनेजर को फटकार लगाई। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश पांडे, सीनियर डीसीएम राजेश कुमार, सीनियर डीएमई करुणेश श्रीवास्तव, स्टेशन प्रबंधक एस के गौतम आदि अफसर साथ थे। मालूम हो कि इस ट्रेन को केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री प्रदीप जैन हरी झंडी दिखाएंगे।