Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on May 31, 2013 - 03:00:19 AM


Title - रेलवे कालोनी में लग गया सट्टा बाजार
Posted by : eabhi200k on May 31, 2013 - 03:00:19 AM

Jhansi | अंतिम अपडेट 29 मई 2013 5:30 AM IST पर
झांसी। रेलवे कालोनी के अलग- अलग स्थानों पर सट्टा खिलाया जा रहा है, इससे यहां का माहौल बिगड़ता जा रहा है। कार्य निरीक्षक ने इन सटोरियों को रोकने की कोशिश की तो उन्हें धमका दिया गया। कर्मचारियों ने भी इसकी शिकायत सिविल पुलिस व आरपीएफ से की, लेकिन स्थिति जस की तस है। इन हालातों में पश्चिम रेलवे कालोनी के अधिकारियों ने अब आरपीएफ के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा है।
पश्चिमी रेलवे कालोनी में तेइस सौ से अधिक क्वार्टर हैं। इन दिनों माल गोदाम के निकट के टाइप कंडम 117 नंबर क्वार्टर, पोलो बाबा मंदिर के पास आरबी फर्स्ट 1018 क्वार्टर व आरबी फर्स्ट क्वार्टर नंबर 740 के पास खुलेआम सट्टा खिलाया जा रहा है। कंडम क्वार्टर में तो सटोरियों ने तिरपाल लगाकर कब्जा जमा रखा है। दिन भर यहां सटोरियों व अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। यही हाल दूसरे स्थानों का भी है। कर्मचारियों की शिकायत पर संबंधित क्षेत्र के कार्य निरीक्षक ने सटोरियों से कब्जा हटाने को कहा तो उन्होंने यह कहकर धमकाया कि ‘सब सेटिंग से चल रहा है, कहीं भी शिकायत करो, कोई कार्रवाई होने वाली नहीं है।’ इसके बाद सिविल पुलिस व आरपीएफ से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर का कहना है कि सट्टा बंद कराना सिविल पुलिस का काम है। अगर रेलवे कालोनी में इस तरह की गतिविधि चल रही है तो वह इसकी जांच कराएंगे।