Indian Railways News => Topic started by irmafia on Dec 31, 2012 - 20:00:13 PM


Title - महिला ट्रेन यात्रियों के लिए बनेगी हेल्पलाइन
Posted by : irmafia on Dec 31, 2012 - 20:00:13 PM

मुरादाबाद : पुरबिया एक्सप्रेस में छात्रा के साथ दुष्कर्म की कोशिश की घटना के बाद रेलवे ने भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कमर कस ली है। शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में रेल मंडल में हेल्पलाइन स्थापित करने सहित कई अहम निर्णय लिए हैं। हेल्पलाइन पर आई रिंग पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

मंडल रेल प्रबंधक सुनील माथुर की अध्यक्षता में जीआरपी, आरपीएफ व रेल अफसरों की संयुक्त बैठक में पुरबिया एक्सप्रेस में सोमवार को हुई घटना पर गंभीरता से चर्चा हुई। ऐसे मामलों से बचाव और दोषियों पर त्वरित व सख्त कार्रवाई के तरीकों पर विचार किया गया। इस दौरान बताया गया कि आरपीएफ एक ऐसे फोन नंबर की केंद्रीयकृत व्यवस्था करने जा रहा है, जिसे बोगियों में अंकित किया जाएगा और इस पर आई यात्री कॉल के मुताबिक तत्काल टीमें सक्रिय की जाएंगी। डीआरएम सुनील माथुर ने कहा कि केंद्रीयकृत व्यवस्था बनाने में समय ज्यादा लग सकता है। लिहाजा तत्काल सक्रियता के लिए मंडल में ही एक यात्री हेल्पलाइन बनाई जाए। इसका फोन नंबर मंडल से संबंधित ट्रेनों की बोगियों व रेलवे स्टेशनों पर लिखवाया जाए। इसका जिम्मा सीनियर डीसीएम को दिया गया। चौबीस घंटे चालू रहने वाले इस फोन नंबर का कंट्रोल मंडलीय रेल नियंत्रण कक्ष में रहेगा। इस पर आने वाली सूचना की मानीटरिंग सीनियर डीसीएम खुद करेंगे।

जीआरपी, आरपीएफ व वाणिज्य विभाग की कंट्रोल रूम टीमों के बीच तालमेल पर भी जोर दिया गया। ट्रेन में चलने वाले स्टाफ के पास इन कंट्रोल रूम के फोन नंबर सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान और आपसी समन्वय बना रहे।

महिला कोच में पुरुष यात्री का प्रवेश हर हाल में रोकने के निर्देश दिए गए। पुरुष प्रवेश की सूचना ट्रेन के गार्ड को तत्काल कंट्रोल रूम को और अगले स्टापेज पर रेलवे पुलिस को देनी होगी। इसमें ढिलाई बरतने वाले रेल गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसपी रेल ने सुझाव दिया कि ट्रेन के किसी भी एक स्लीपर कोच में बर्थ संख्या 7 या 71 सुरक्षा कर्मी के लिए आरक्षित करें, जहां हर समय एक सुरक्षा कर्मी बैठा रहेगा। अगर वह कहीं चला जाता है तो वहां अपना मोबाइल नंबर लिखकर जाएगा, जिससे यात्री फोन कर सुरक्षा कर्मी को घटना की सूचना दे सकता है।

बैठक में एडीआरएम एच मेहरोत्रा, एसपी रेल आरके भारद्वाज, सीनियर डीएससी आरपीएफ रफीक अहमद अंसारी, सीनियर डीसीएम मनोज कुमार शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।