Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jan 04, 2013 - 21:00:26 PM


Title - बार बार बयान बदल रही है घायल युवती मानसिक रुप से असंतुलित दुष्कर्म का किसी प्रकार का कोई प्रमाण नहीं
Posted by : RailXpert on Jan 04, 2013 - 21:00:26 PM

बिहार के आरा जंक्शन के पास ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन (14055 अप) से कथित तौर पर छेडखानी मामले में भागने के क्रम में चलती ट्रेन से गिरकर घायल युवती बार बार अपना बयान बदल रही है और उसका इलाज पटना के पीएमसीएच में किया जा रहा है.पीएमसीएच में 30 वर्षीय युवती की चिकित्सा कर रहे डाक्टर जेपी गुप्ता ने बताया कि कल रात युवती का सीटी स्कैन और एक्स रे कराया गया. दोनों रिपोर्ट सामान्य है. माथे पर चोट आयी और पैर में कुछ खरोंच हैं. बातचीत और उसके व्यवहार में प्रारंभिक तौर पर लगता है कि युवती पहले से ही मानसिक रुप से असंतुलित है. वह बार बार बयान बदल रही है.उन्होंने बताया कि पीडित के साथ दुष्कर्म का किसी प्रकार का कोई प्रमाण नहीं मिला है. रेल पुलिस महानिरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में रहने वाली युवती के भाई विजय से फोन पर बातचीत हुई है. युवती के परिजन दार्जिलिंग से पटना आ रहे हैं. परिजनों ने बताया है कि वह 19 दिसंबर से ही घर से निकली थी और मानसिक रुप से असंतुलित है.कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. किसी निष्कर्ष पर अभी पहुंचना जल्दबाजी होगी. सेना के जवान रमेश कुमार की गिरफ्तारी के अलावा दिनेश कुमार नामक एक युवक को बक्सर में हिरासत में लिया गया है. वह बक्सर में ही ट्रेन से उतर गया था. पीडित युवती का बयान लिया जा रहा है. बहरहाल घायल युवती ने पीएमसीएच में संवाददाताओं से कहा कि उसके पिता का नाम रामबहादुर और मां का नाम नीलमणि अवस्थी है. उसकी शादी एक दर्जी से हुई है और उसके दो बच्चे हैं. ट्रेन में हुई घटना के बारे में वह साफ साफ नहीं बता रही है.
काउंसिलिंग के लिए पीएमसीएच पहुंची पटना महिला हेल्पलाइन की सदस्य प्रमिला कुमारी ने भी युवती का बयान लिया. प्रमिला ने बताया कि युवती दार्जिलिंग के गुम हिल स्टेशन में चोर बाजार का पता बता रही है. पुलिस के सहयोग से उसके घर के पते की जानकारी लेकर घर पहुंचाने का प्रबंध किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवती ठीक से घटना के बारे में बता नहीं पा रही है. उसे समझाने का प्रयास किया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि आरा जंक्शन के पास जगजीवन हाल्ट पर डिब्रूगढ से दिल्ली जा रही ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस में कथित छेडखानी के कारण भागने के क्रम में एक युवती ट्रेन से गिरकर घायल हो गयी थी. उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रात में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था. रेल आईजी ने बताया कि इस मामले में सेना के एक जवान को बक्सर में गिरफ्तार किया गया जबकि बाद में दिनेश कुमार नामक एक टैक्सी चालक को हिरासत में लिया गया है.