Indian Railways News => Topic started by chotelal on Mar 16, 2013 - 09:00:24 AM


Title - डबल डेकर ट्रेन में हुई विजिलेंस जांच, टीटीई को आया अटैक
Posted by : chotelal on Mar 16, 2013 - 09:00:24 AM

रेलवे कर्मचारियों ने सतर्कता निरीक्षकों पर एक टीटीई को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार सुबह जयपुर जंक्शन व प्लेटफॉर्म 1 पर प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने जयपुर आए रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर (सतर्कता) समीर शंकर से दोषी निरीक्षकों की बर्खास्तगी की मांग की।

मामले के अनुसार दिल्ली-जयपुर डबल डेकर ट्रेन में गुरुवार रात रेलवे बोर्ड के 4 सतर्कता निरीक्षक अलवर स्टेशन से सवार हुए थे। जांच के दौरान उन्होंने सी-9 और सी-10 कोच के टीटीई वीपी सिंह से चार्ट और रसीद बुक ली।

टीटीई ने सतर्कता दस्ते से तबीयत खराब होने और सभी पैसेंजरों के टिकट चेक करने की बात कही। साथी टीटीई ने बताया कि दस्ते ने उसकी एक नहीं सुनी और भला-बुरा कहा। इससे परेशान वीपी सिंह की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। ट्रेन जयपुर पहुंची तो सिंह को पहले रेलवे अस्पताल और फिर फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य है।

उधर सुबह सूचना मिलते ही उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के मंडल मंत्री रमेश कुमार के नेतृत्व में रेलकर्मियों ने चारों सतर्कता निरीक्षकों की बर्खास्तगी की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके बाद वे डीआरएम ऑफिस पहुंचे, जहां अफसरों ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।

'तबीयत बिगड़ने पर टीटीई को समय पर चिकित्सा दे दी गई थी। उन्हें बेहतर इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में रैफर किया गया। मामले की जांच कराएंगे।'

- तरुण जैन, सीपीआरओ, उत्तर पश्चिम रेलवे