Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Sep 03, 2013 - 17:56:47 PM


Title - झांसी- कानपुर खंड पर जल्द दौड़ेगी विद्युत ट्रेन
Posted by : riteshexpert on Sep 03, 2013 - 17:56:47 PM

Jhansi | अंतिम अपडेट 3 सितंबर 2013 5:36 AM IST पर
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष के अंत तक झांसी रेल मंडल में लंबित सभी परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी। इन परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। झांसी- कानपुर रेल खंड पर जल्द ही विद्युत ट्रेन दौडे़गी। इस रूट के दोहरीकरण को लेकर सर्वे का काम भी बजट मिलते ही शुरू कर दिया जाएगा। सोमवार को वार्षिक निरीक्षण के क्रम में वह यहां आए थे।
रेलवे वर्कशॉप में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यहां स्थापित वैगन मरम्मत कारखाना की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रतिमाह छह सौ दस वैगन की मरम्मत की जा रही है। मरम्मत के मामले में देश में इस कारखाने का छठा स्थान है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2014 तक वैगन मरम्मत कारखाना का आधुनिकीकरण व कोच मरम्मत कारखाना का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इस दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। इसके अलावा यहां की अन्य सभी लंबित परियोजनाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
श्री जौहरी ने कहा कि उरई के नजदीक सरकोशी स्टेशन के पास विद्युत सब स्टेशन के लिए जमीन नहीं मिलने के कारण झांसी- कानपुर रेलखंड के विद्युतीकरण में आई बाधा दूर कर ली गई है। जल्द ही इस रूट पर बिजली से संचालित ट्रेनें दौडे़ंगी। इस रूट के दोहरीकरण को लेकर भी रेलवे गंभीर है। उन्होंने इस बात से साफ इनकार किया कि रेलवे मालगोदाम को मुस्तरा स्थानांतरित किया जा रहा है।
महाप्रबंधक ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए इसे ऑनलाइन कर दिया गया है। अब तक टेंडर प्रक्रिया को लेकर लोगों को शिकायतें रहती थी। इसके सार्वजनिक होने से यह समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां सिंगल विंडो सिस्टम शुरू होने से कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए यहां- वहां दौड़ लगाने की जरूरत नहीं होगी। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह कर्मचारियाें की समस्याओं का निस्तारण गंभीरता से करें।