Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jun 01, 2013 - 15:00:32 PM


Title - औसतन दो घंटे विलंबित रहीं ट्रेनेँ
Posted by : irmafia on Jun 01, 2013 - 15:00:32 PM

दक्षिण-पूर्व रेलवे के खड़गपुर-हावड़ा संभाग अंतर्गत पांशकुड़ा से श्यामचक के बीच 28 मई से जारी नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते शुक्रवार को भी रेल यातायात बुरी तरह से प्रभावित रही। इस परिस्थिति में रेलवे प्रशासन की ओर से मेदिनीपुर-खड़गपुर-हावड़ा संभाग की लगभग 30 जोड़ी ईएमयू लोकल समेत दर्जनों एक्सप्रेस ट्रेनों को पहले ही रद घोषित किया जा चुका था, वहीं कई ट्रेनों के मार्ग व गंतव्य परिवर्तित किए गए।
गुरुवार से नॉन इंटरलॉकिंग कार्य में तेजी आई, जिसके फलस्वरूप ट्रेनों का प्रभावित होना शुरू हुआ। पांशुकड़ा-खड़गपुर थर्ड लाइन के संयोजन के लिए रेलवे के परिचालन विभाग के कर्मचारी एड़ी चोटी का जोर लगाए रहे। इस वजह से श्यामचक से पांशकुड़ा के बीच ट्रेनें काफी धीमी गति से चलाई जाती रहीं। शुक्रवार को पूरे दिन संभाग में चलने वाली ट्रेनें औसतन डेढ़ से दो घंटे विलंबित रहीं, जिससे यात्रियों को घोर परेशानियों का सामना करना पड़ा। खड़गपुर के मंडल रेल प्रबंधक आरके कुलश्रेष्ठ ने समस्या की बात स्वीकार करते हुए कहा कि शुक्रवार को ट्रेनें लेट रहीं, लेकिन प्रयास किया जा रहा है जिससे अगले कुछ दिनों में ही ट्रेनों की आवाजाही स्वाभाविक की जा सके। इस दिशा में जोरदार प्रयास जारी है।