Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Jul 23, 2013 - 06:00:17 AM


Title - 5 से 6 घंटे लेट आ रहीं हावड़ा जाने वाली ट्रेनें
Posted by : eabhi200k on Jul 23, 2013 - 06:00:17 AM

अगर आपको हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में सफर करना हो तो पहले ट्रेन की पोजिशन जान लें। इस रूट की सभी ट्रेनें 5 से 6 घंटे लेट से बिलासपुर पहुंच रही हैं। मुंबई, पुणे से आने वाली ट्रेनों को भुसावल से इटारसी होते हुए परिवर्तित मार्ग से नागपुर आना पड़ रहा है। बारिश से नागपुर के आगे 400 मीटर तक पटरी के नीचे की मिट्टी बह गई है। इसके कारण ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चल रही हैं। हावड़ा से आने वाली ट्रेनें रविवार को तो समय से चलीं, लेकिन सोमवार को इनके भी लेट पहुंचने की आशंका है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इसका असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। नागपुर के आगे सिंधी और तुलजापुर के बीच 400 मीटर पटरी के नीचे की मिट्टी पानी में बह गई है। इसके चलते हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग पर रेल यातायात शुक्रवार की आधी रात से प्रभावित है। इस रूट की तमाम ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग व्हाया इटारसी से चलाया जा रहा है। सभी ट्रेनों को 212 किलोमीटर का सफर अतिरिक्त तय करना पड़ रहा है। यही वजह है कि शनिवार की तरह रविवार को भी मुंबई से आने वाली ट्रेनें 5 से 6 घंटे लेट होकर बिलासपुर पहुंच रही हैं। रविवार की शाम से रात 10 बजे तक बिलासपुर पहुंचने वाली सभी ट्रेनें देर रात को बिलासपुर पहुंची। पुणे हावड़ा-आजादहिंद, मुंबई-हावड़ा मेल, शालीमार, अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस 5-5 घंटे लेट से नागपुर पहुंची। सभी ट्रेनें बिलासपुर पहुंचने तक 6 घंटे लेट हो गईं। हटिया और पुरी एक्सप्रेस भी 4-4 घंटे लेट होकर यहां आईं। हावड़ा से मुंबई जाने वाली ट्रेनें रविवार को निर्धारित समय पर बिलासपुर पहुंची, जिनके नागपुर के आगे लेट होने की आशंका है।