Indian Railways News => Topic started by greatindian on Jun 25, 2013 - 03:01:41 AM


Title - 25 से कोडरमा-नावाडीह तक दौड़ेगी डीएमयू
Posted by : greatindian on Jun 25, 2013 - 03:01:41 AM

कोडरमा-गिरिडीह रेलखंड में कोडरमा से नवाडीह 34 किलोमीटर तक रेल परिचालन 25 जून को शुरू हो जाएगा। इसके लिए रेलवे महकमे ने तैयारी शुरू कर दी है। पूर्व-मध्य रेलवे निर्माण के द्वारा कोडरमा से नावाडीह तक ओपन लाइन को हस्तांतरित करने के बाद धनबाद रेल मंडल इस रेलखंड पर परिचालन शुरू करेगा। इसके मद्देनजर बुधवार को धनबाद रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश मोहन ने निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ डीजल इंजन दो स्पेशल सैलून के जरिए कोडरमा से नावाडीह के बीच तक विंडो इंस्पेक्शन किया।कोडरमा स्टेशन पर एडीआरएम राजेश मोहन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कोडरमा-नावाडीह रेल खंड पर पैचिंग का कार्य पूरा हो चुका है और कुछ अन्य कार्य बाकी है जिसे अगले दो-तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। संभवत: 25 जून को इस खंड पर रेल परिचालन को शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए मुख्यालय से अनुमति मिलने बाकी है।

श्री मोहन ने बताया कि इस खंड पर परिचालन शुरू होते ही कोडरमा स्टेशन को जंक्शन का दर्जा मिल जाएगा। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि यात्री सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए रेल प्रशासन कृतसंकल्पित है। इसके तहत स्टेशन कोच इंडीकेशन बोर्ड की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी।

बताते चलें कि इस सप्ताह कोडरमा-नावाडीह रेलखंड पर चलनेवाली डीएमयू ट्रेन के शुभारंभ के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री सह कोडरमा सांसद बाबूलाल मरांडी व स्थानीय विधायक अन्नपूर्णा देवी को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी बीएन लाल, वरीय मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता अमरेंद्र कुमार, वरीय अनुभाग अभियंता डी. दत्ता, निर्माण विभाग के उपमुख्य अभियंता एमएम प्रसाद, कार्यपालक अभियंता पीसी प्रसाद, सहायक अभियंता एके सिंह, पीडब्ल्यूआई एचएन चौबे, रेलवे यूनियन गझंडी शाखा के सचिव एमके महाराज आदि मौजूद थे।

इधर, अधिकारियों के कोडरमा पहुंचने पर स्टेशन प्रबंधक अरविंद लाल, सीटीआई केके ओझा, यातायात निरीक्षक अरविंद कुमार सुमन ने उनका स्वागत किया।