Indian Railways News => Topic started by Mafia on Apr 27, 2013 - 00:00:31 AM


Title - लंबी वेटिंग से मिलेगी राहत, पांच ट्रेनों में बढ़ाए डिब्बे
Posted by : Mafia on Apr 27, 2013 - 00:00:31 AM

गर्मियों में लगातार बढ़ रहे यात्रीभार को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 5 ट्रेनों में डिब्बों की बढ़ोतरी की है। इसमें चार में अस्थायी और एक में स्थायी बढ़ोतरी की गई है। डिब्बे बढऩे से इन ट्रेनों में वेटिंग में चल रहे यात्रियों को राहत मिलेगी। ऐसे यात्रियों को अब सीट मिलने की उम्मीद बढ़ जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि दिल्ली सराय रोहिल्ला-सादुलपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस में 27 अप्रैल से 1 जुलाई तक 1 थर्ड एसी और सादुलपुर-चूरू-सादुलपुर स्पेशल ट्रेन में 27 अप्रैल से 1 जुलाई तक एक थर्ड एसी श्रेणी का डिब्बा बढ़ाया गया है।

वहीं बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला- बीकानेर एक्सप्रेस में बीकानेर से 26 अप्रैल से 30 जून तक व दिल्ली सराय रोहिल्ला से 27 अप्रैल से 1 जुलाई तक एक थर्ड एसी का, जयपुर-सिकंदराबाद-जयपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में जयपुर से 27 अप्रैल को और सिकंदराबाद से 29 अप्रैल को एक सेकंड एसी व एक थर्ड एसी का डिब्बा बढ़ाया गया है। जैन ने बताया कि उदयपुर-निजामुद्दीन-उदयपुर एक्सप्रेस में उदयपुर से 27 अप्रैल से और निजामुद्दीन से 28 अप्रैल से एक थर्ड एसी के डिब्बे की स्थायी बढ़ोतरी की जाएगी।