Indian Railways News => Topic started by railgenie on Sep 04, 2012 - 21:00:27 PM


Title - 12 घंटे बंद रही रेलवे क्रॉसिंग, हाईवे जाम
Posted by : railgenie on Sep 04, 2012 - 21:00:27 PM

रायबरेली। एफसीआई गोदाम के पास स्थित क्रॉसिंग पर रेल ट्रैक खराब हो गया। इस वजह से लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे की इस रेलवे क्रॉसिंग को 12 घंटे के लिए बंद करना पड़ा। जिससे शनिवार रात 11 बजे से रविवार सुबह 11 बजे तक क्रॉसिंग के दोनों ओर ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही। इस दौरान बसों व अन्य चौपहिया वाहनों को दूसरे मार्गों से किसी तरह निकाला गया। रविवार सुबह 11 बजे रेल ट्रैक पूरी तरह से ठीक होने पर हाईवे का यातायात बहाल हुआ। बताते हैं कि लखनऊ अमेठी रेलमार्ग पर एफसीआई गोदाम के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार शाम को ट्रैक खराब हो गया। इससे ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हो गया। तुरंत ही ट्रैक को ठीक कराने का काम शुरू कर दिया गया। इसके लिए क्रॉसिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इससे क्रॉसिंग के दोनों ओर ट्रकों की लाइन लग गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने रोडवेज बसों व अन्य छोटे वाहनों को दूसरे मार्गों से रवाना किया। इलाहाबाद की ओर से आने वाले ट्रैफिक को सिविल लाइंस से शहर में प्रवेश कराकर रतापुर से हाईवे तक पहुंचाया गया। उधर, लखनऊ की ओर से आने वाले ट्रैफिक को रतापुर से शहर की ओर मोड़ा गया। रोडवेज बस अड्डा होते हुए ट्रैफिक को इलाहाबाद की ओर भेजा गया। रोक के बावजूद कई ट्रक भी शहर के अंदर से इलाहाबाद व लखनऊ की ओर गए।