Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Jun 17, 2013 - 12:30:09 PM


Title - 11 घंटे देरी से पहुंची उद्यान आभा एक्सप्रेस
Posted by : nikhilndls on Jun 17, 2013 - 12:30:09 PM

न सर्दी का मौसम और न ही धुंध-कोहरे की मार, इसके बावजूद ट्रेनें तीन से ग्यारह घंटे तक देरी से चल रही हैं। इस बार मानसून से पहले आई बारिश रेल यातायात के लिए मुसीबत बन गई है, जगह जगह ट्रैक पर पानी भरने व पेड़ गिरने से गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई हैं और रेल सफर यात्रियों के लिए परेशानी भरा साबित हो रहा है।
सुबह पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों में लगातार कई घंटे तक हुई झमाझम बारिश और तेज हवाओं के झोंकों से सड़क एवं रेल यातायात प्रभावित हुआ। बारिश का पानी जहां रेलवे ट्रैक में भर गया, वहीं ट्रैक पर गिरे पेड़ों व टहनियों ने भी व्यवधान खड़ा किया। रेल लाइनों से पानी निकालकर उन्हें साफ करने में रेल कर्मी लगभग 13 घंटें से जुटे हुए हैं, ट्रैक में आए व्यवधान की वजह से गाड़ियां, विशेषकर लंबी दूरी की गाड़ियां तीन से छह घंटे देरी से चल रही हैं।
बीती शनिवार की रात श्रीगंगानगर-दिल्ली के मध्य चलने वाली उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस गाड़ी सं. 13008 अपने निर्धारित समय रात 11.15 की बजाए देर रात 3.15 बजे बठिंडा पहुंची। इसी तरह गुवाहाटी-लालगढ़ एक्सप्रेस गाड़ी सं. 15609 निर्धारित समय रात 10 की बजाए छह घंटे देरी से सुबह चार बजे बठिंडा पहुंची। गाड़ियों की लेटलतीफी का क्रम रविवार भी जारी रहा, दिल्ली से चलकर फिरोजपुर वाया बठिंडा होकर चलने वाली पंजाब मेल गाड़ी सं. 12137 सुबह 3.40 बजे की जगह सुबह 5 बजे आई, जबकि सुबह 4 बजे आने वाली हावड़ा-श्रीगंगानगर वाया बठिंडा आभा तूफान एक्सप्रेस गाड़ी सं. 13007 लगभग ग्यारह घंटे देरी से दोपहर 3 बजे बठिंडा पहुंची। श्रीगंगानगर से हरिद्वार के मध्य चलने वाली गाड़ी सं. 14712 भी लगभग 55 मिनट देरी से सुबह 6.40 की बजाए 7.40 बजे बठिंडा पहुंची।