Indian Railways News => Topic started by chotelal on Jul 03, 2013 - 16:00:45 PM


Title - हवाई जहाज से आती थी तत्काल की टिकट
Posted by : chotelal on Jul 03, 2013 - 16:00:45 PM

लखनऊ।। तत्काल टिकटों की दलाली करने के आरोप में 10 लोगों को रेलवे विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। ये दलाल मुंबई के विभिन्न आरक्षण केंद्र से बुक कराए तत्काल कोटे के टिकटों को हवाई जहाज से लाकर यात्रियों तक पहुंचाते थे। पकड़े गए लोगों में संत कबीर नगर के वकील अहमद, बस्ती के अब्दुल कादिर और फिरोज शामिल हैं।

आरपीएफ और विजिलेंस की जॉइंट टीम ने कुशीनगर एक्सप्रेस में गोरखपुर-लखनऊ के बीच की गई चेकिंग में तत्काल टिकट की दलाली में शामिल 10 लोगों को पकड़ा। एनईआर लखनऊ मंडल की टीम पिछले दिनों से लगातार ट्रेनों में चेकिंग कर रही थी। गौरतलब है कि बीते दिनों मुंबई में विजिलेंस डिपार्टमेंट ने मोहम्मद अजमल नाम केदलाल को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से तत्काल कोटे के गोरखपुर-मुंबई के वापसी के 66 टिकट और 52 हजार रुपये बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान अजमल ने 3 व्यक्तियों के नाम लिये थे।

आरोपियों ने बताया कि वह लोग तत्काल आरक्षण के टिकट का पैसा रेल यात्रियों से लेकर मुंबई में सुभाष चंद्र और गोविंद सिंह के खाते में ट्रांसफर करते थे। दलाल वहां से तत्काल टिकट बनवाकर लखनऊ एयरपोर्ट में मुंबई से आने वाले विमान से अपने कैरियरों के माध्यम से भिजवाते थे। पूछताछ में बताया गया कि मुंबई में टिकट निकलवाने का काम मुन्ना नामक व्यक्ति करता है। कोड के माध्यम से टिकटों का लेनदेन होता है। विजलेंस की टीम अब मुन्ना सहित सुभाष चंद्र एवं गोविंद सिंह को पकड़ने का प्रयास कर रही है।