Indian Railways News => Topic started by Mafia on Mar 02, 2013 - 03:00:05 AM


Title - सालों बाद मोहाली को मिला तोहफा
Posted by : Mafia on Mar 02, 2013 - 03:00:05 AM

मोहाली। साल-दर-साल हर रेल बजट से निराश होने वाले मोहाली शहर को आखिर सालों बाद एक तोहफा मिला। रेलमंत्री पवन बंसल ने अपना वादा पूरा किया और उम्मीदों की रेल चला ही दी। रेलमंत्री ने रेल बजट में चंडीगढ़ से अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने का ऐलान किया है। जिसका स्टॉपेज मोहाली में भी होगा। इस ट्रेन से शहर के लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।मोहाली को पंजाब की मिनी कैपिटल कहा जाता है। परंतु अब तक मोहाली से पंजाब के प्रमुख शहरों के लिए ट्रेन कनेक्टिविटी नहीं थी। मोहाली के लोगों को अगर दरबार साहिब या दुर्ग्याणा मंदिर मत्था टेकने जाना होता था, तो वे सिर्फ बस या निजी ट्रांसपोर्ट पर निर्भर थे। अगर ट्रेन से जाना हो तो उन्हें पहले चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन जाना पड़ता था। क्योंकि अमृतसर-चंडीगढ़ के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का मोहाली में कोई स्टॉपेज नहीं था। अब नई इंटरसिटी चलने और मोहाली स्टॉपेज दिए जाने के बाद शहर पहली बार पंजाब के प्रमुख शहरों से ट्रेन रूट पर जुड़ सकेगा। जिसका निश्चित तौर पर हर वर्ग को फायदा होगा। शहर के लोग लंबे समय से इसकी मांग भी करते आ रहे थे। बजट से कुछ समय पहले रेलमंत्री पवन बंसल से लोगों ने यह मांग रखी थी और बंसल ने लोगों से किया वादा पूरा किया। इस ट्रेन के चलने से शहर के लोग धार्मिक स्थलों की यात्रा आसानी और सुरक्षित ढंग से कर सकेंगे। वहीं, उद्योग और कारोबार को भी फायदे की उम्मीद है। क्योंकि अमृतसर, जालंधर एवं लुुधियाना बड़े व्यापारिक केंद्र हैं। ट्रेन रूट पर इनसे जुड़ने से शहर के उद्यमियों-कारोबारियों को फायदा होगा।
विधायक बलबीर सिद्धू ने कहा रोजाना इंटरसिटी के अलावा बंसल ने ऊना-हजूर साहिब एक्सप्रेस के रूप में मोहाली को एक और तोहफा दिया है, वह भी मोहाली में रुकेगी। इससे लोगों की लंबी मांग पूरी हुई है। मोहाली इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अनुराग अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले आखिरी बजट के रूप में यह प्रोग्रेसिव बजट है। इंटरसिटी, ऊना-हजूर साहिब और अमृतसर-चंडगढ़-लालकुआं एक्सप्रेस के रूप में क्षेत्र को अच्छी ट्रेन मिली हैं। चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस को पटना तक बढ़ाया गया है। पर मोहाली में कुछ और ट्रेन के स्टॉपेज बनाने चाहिए थे।