Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Apr 17, 2013 - 12:00:23 PM


Title - रेल मंत्री ने किया डहाणू-चर्चगेट लोकल ट्रेन का शुभारंभ
Posted by : AllIsWell on Apr 17, 2013 - 12:00:23 PM

भारतीय रेल सेवा के १६० वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री पवन कुमार बंसल ने मंगलवार को डहाणू- चर्चगेट लोकल ट्रेन सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि १२४ किमी के इस नयी लोकल सेवा के शुरू होने से डहाणू इलाके के आदिवासी लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

रेल मंत्री बंसल ने इस अवसर पर विरार कार शेड का भी उद्घाटन किया। डहाणू-चर्चगेट लोकल ट्रेन सेवा के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुल सवा दो करोड़ रेल यात्रियों में से ५३ फीसदी उपनगरीय यात्री हैं। जिसमें से मुंबई उपनगरीय खंड के करीब ६१ प्रतिशत यात्री हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि मुंबई आर्थिक राजधानी होने की वजह से देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इसका हमेशा अधिक योगदान रहता है। यही वजह है कि मुंबई वासियों की सेवाओं के प्रावधान और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने को हमेशा प्राथमिकता दी जाती है। विशेषकर उपनगरों के लोगों के लिए। गौरतलब है कि ठाणे जिले के डहाणू इलाके में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, यहां के प्रभारी मंत्री गणेश नाईक भी उपस्थित थे।