Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Apr 24, 2013 - 06:00:24 AM


Title - नए एफओबी के साथ बनेगी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग
Posted by : riteshexpert on Apr 24, 2013 - 06:00:24 AM

Anoorag Sharma | Apr 22, 2013, 16:11PM IST

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन के छठवें प्लेटफार्म के बाजू वाली सड़क पर बुकिंग, रिटायरिंग रूम की यात्री सुविधाओं वाली मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाई जाएगी। प्लेटफार्म के बचे हुए सारे कार्य करने में करीब 25 करोड़ रुपए खर्च होंगे। रेल अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में मौजूद पुराने बुकिंग आफिस को तोड़कर यात्रियों के लिए खाली जगह छोड़ी जाएगी।

वर्तमान में मौजूद फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और दरवाजे के पास बनने वाले नए एफओबी के बीच में सड़क पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी केके दुबे का मानना है कि प्लेटफार्म की खूबसूरती न बिगड़े, इसलिए उसके ऊपर कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा।

एफओबी का पैसा मिला: रेल अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित आरपीएफ थाने के पीछे की ओर से छह नंबर प्लेटफार्म तक बनने वाले नए एफओबी का निर्माण करीब पांच करोड़ रुपए में किया जाएगा। इसका पैसा रेल मंडल को मिल गया है तथा एक-दो महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके निर्माण से सुबह-शाम के समय यात्रियों को वर्तमान एफओबी पर होने वाली धक्का-मुक्की से निजात मिल सकेगी।

मालगोदाम तक सड़क: इसके अलावा वर्तमान में जो सड़क छह नंबर प्लेटफार्म की शुरुआत वाले दिन तक बन सकी थी, उसे मालगोदाम तक बढ़ाया जाएगा। इससे लोग अपने वाहन सहित मालगोदाम से बाहर निकल सकेंगे।

पार्किंग टंकी के पास: इसी तरह चार पहिया वाहनों की पार्किंग वर्तमान में मौजूद पानी की टंकी के पास बनाई जाएगी। इसका निर्माण अगले चरण का बजट आते ही शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, किरण लॉज के पास स्थित वर्तमान में स्थित दो पहिया वाहनों की पार्किंग की क्षमता बढ़ाकर यात्रियों के लिए सुविधा दी जाएगी।