Indian Railways News => Topic started by Mafia on Nov 19, 2012 - 06:00:04 AM


Title - ट्रेन और बसों में यात्रियों की रेला
Posted by : Mafia on Nov 19, 2012 - 06:00:04 AM

गोरखपुर। दीपावली के बाद अब छठ पर्व के लिए आने वाले यात्रियों का रेला उमड़ पड़ा है। ट्रेनें ठसाठस जा रही हैं तो बस में जाने के लिए भी यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनें नाकाफी साबित हो रही है। स्लीपर बोगियों का हाल जनरल बोगी जैसा हो गया है। रिजर्वेशन बोगियों में वेटिंग की लिस्ट काफी लंबी हो गई है।
दिल्ली, पंजाब से आने वाली ट्रेनें ठसाठस आ रही हैं तो गोरखपुर से दिल्ली समेत अन्य राज्यों को जाने वाली एक्सप्रेस ठसाठस जा रही हैं। गोरखपुर स्टेशन पर तकरीब 55 से 60 हजार लोग आ जा रहे हैं। जबकि पिछले सप्ताह गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या तकरीबन 30 हजार दर्ज की गई थी। रिजर्वेशन काउंटर पर भी लोगों की लंबी कतार लग रही है। ट्रेनों में वेटिंग पांच सौ के करीब जा पहुंची है। गोरखधाम एक्सप्रेस में स्लीपर बोगी में वेटिंग 450 के पार जा पहुंची है। तकरीबन यही हाल कुशीनगर एक्सप्रेस, राप्ती सागर एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस, गोरखपुर पुणे एक्सप्रेस में है। एसी बोगी में भी वेटिंग की लिस्ट स्लीपर की तरह ही है। हालांकि पूर्वोत्तर रेलवे ने छठ और दीपावली को देखते हुए गोरखपुर से दिल्ली, मुंबई, जम्मू के लिए विशेष ट्रेनें चलाई हैं। यह ट्रेन भी लगभग भरी हुई जा रही हैं। वहीं छठ पर्व के लिए आने वाले यात्रियों की वजह से लोकल यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ एसपी मिश्र का कहना है कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए कई विशेष ट्रेनें चलाई गई है।

बसों में भी मुश्किल भर सफर
गोरखपुर। बाहर रहने वाले लोगों के लिए छठ पूजा के अवसर पर घर जाना मुश्किल भरा सफर हो गया है। बस स्टेशन में भारी भीड़ होने के कारण बसों में चढ़ने को लेकर मारामारी की स्थिति बन रही है। घर पहुंचने के लिए लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हो रहे हैं।
छठ पूजा के अवसर पर घर जाने के लिए बसों में लोगों की भारी भीड़ चल रही है। स्थिति यह है कि लोग बसों में किसी तरह लटककर यात्रा करने को मजबूर हो रहे हैं। महिलाओं और बच्चों को ज्यादा ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा भीड़ गोरखपुर-देवरिया रूट पर चल रही है। हालांकि इस रूट पर सबसे ज्यादा बसें संचालित हो रही है। इसके बावजूद इस रूट की बसों में भारी भीड़ चल रही है।
छठ पूजा को देखते हुए गोरखपुर-देवरिया रूट पर 50, गोरखपुर - पडरौना रूट पर 10, गोरखपुर - दिल्ली रूट पर 24 बसें संचालित हो रही हैं। छठ पर्व के अवसर पर घर आने-जाने वालों की भारी भीड़ के कारण यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। गोरखपुर डिपो के एआरएम महेश चंद के अनुसार यात्रियों की भारी भीड़ के कारण व्यवस्था बनाने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। भीड़ को देखते हुए संबंधित रूट पर बसों की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है।