Indian Railways News => Topic started by railenquiry on Aug 16, 2012 - 03:01:03 AM


Title - सेंट्रल पर पुस्तिका से 25 सादे यात्रा पास गायब
Posted by : railenquiry on Aug 16, 2012 - 03:01:03 AM

कानपुर  : सेंट्रल स्टेशन के सिग्नल विभाग में यात्रा पास पुस्तिका से 25 सादे पास कोई फाड़ ले गया। ये पास कौन ले गया और कहां प्रयोग हो रहे हैं, इसका कुछ पता नहीं है। इसे लेकर रेल अधिकारियों में हड़कंप है। उत्तर मध्य जोन मुख्यालय इलाहाबाद से सभी संबंधित सेक्शन को यात्रा पास पुस्तिका जारी की जाती है। एक किताब में 50 पास होते हैं। इस यात्रा पास को भरकर कोई भी पूरे देश की सैर कर सकता है क्योंकि इनमें मुख्यालय की मुहर लगी होती है। मंगलवार को जब स्टोर में सामान की चेकिंग शुरू हुई तो पुस्तिका से 25 पास गायब मिले। घटना की जानकारी आला अधिकारियों को दी गई। सिग्नल विभाग के बाबू देवेंद्र सिंह ने घटना की रिपोर्ट जीआरपी थाना में दर्ज करानी चाही तो जीआरपी ने पहले जांच करने की बात कही। गौरतलब है कि संबंधित सेक्शन के कर्मियों के लिए यात्रा पास की सुविधा है, ताकि कर्मचारी को कहीं जाना हो तो वे विभागीय सेक्शन से ही पास बनवा लें। 'घटना की जानकारी नहीं है, पता किया जाएगा कि मामला क्या है।' संदीप माथुर, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य जोन