Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Mar 02, 2013 - 03:00:17 AM


Title - विद्युतचालित ट्रेन का ट्रायल सफल
Posted by : nikhilndls on Mar 02, 2013 - 03:00:17 AM

पठानकोट। जालंधर से चक्की बैंक रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे का विद्युतीकरण का काम मुकम्मल हो गया है। विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद सोमवार को जालंधर और चक्की बैंक रेलवे स्टेशन के बीच विद्युतचालित ट्रेन का रेलवे ने सफल ट्रायल लिया। इसके साथ ही दोनों स्टेशनों के बीच 112 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर जल्द ही विद्युतचालित ट्रेन चलने का रास्ता साफ हो गया है। पहले चरण में दोनों स्टेशन के बीच सुपरफास्ट ट्रेनों में ही इलेक्ट्रिक पावर लगाने की संभावना है। वहीं विद्युतचालित ट्रेन के चलने से ट्रेनें कम समय में दूरी तय कर सकेगी।
रेलवे के उत्तर परिमंडल नई दिल्ली के सुरक्षा एवं संरक्षा आयुक्त राजकुमार कर्दम, फिरोजपुर के डीआरएम एनसी गोयल, रेलवे के अंबाला मंडल के चीफ इंजीनियर मेहताब सिंह, सीपीएम अंबाला आरपी सिंह पर आधारित रेलवे की टीम ने आठ बोगी वाली ट्रेन को विद्युतचालित इंजन के साथ चक्की बैंक से जालंधर स्टेशन की तरफ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन चलाकर 112 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर ट्रेन गति का जायजा लिया गया।
इस मौके पर राज कुमार कर्दम ने बताया कि जालंधर सेे चक्की बैंक स्टेशन के बीच पूरा विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि जालंधर से चक्की बैंक के बीच आने वाली रेल पुलों और विद्युत लाइन का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि चक्की बैंक से जालंधर के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन को दौड़ाकर उसकी गति को जांचा गया है। इसकी रिपोर्ट बनाकर रेलवे बोर्ड को सौंप दी जाएगी और उसके बाद जल्द ही दोनों स्टेशनों के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाई जाएगी। पूछने पर उन्होंने कहा कि पठानकोट स्टेशन पर अभी विद्युतीकरण का काम चल रहा है और उसका निरीक्षण करने के बाद पठानकोट स्टेशन पर भी इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चक्की बैंक से जम्मू में लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है और उसके बाद इलेक्ट्रिक किया जाएगा। पूछने पर उन्होंने कहा कि अभी पुलों का निर्माण होना बाकी है जिस वजह से देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि पुल बनने का काम तेज किया जाएगा। इससे पहले जालंधर से ट्रेन में रेल अधिकारी साढ़े पांच बजे यहां पहुंचे। जहां पर स्थानीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद नारियल फोड़कर उन्होंने विद्युतचालित ट्रेन को रवाना किया।