Indian Railways News => Topic started by railgenie on Feb 26, 2013 - 12:00:36 PM


Title - बडोड़ी लेण पै बाजी इंजन की सीटी
Posted by : railgenie on Feb 26, 2013 - 12:00:36 PM

सीकर। लंबे इंतजार के बाद सीकर से लुहारु के बीच बिछाई गई ब्रॉडगेज पटरियों पर सोमवार को ट्रायल के तौर पर इंजन दौड़ाया गया। अब ट्रैक पर पैकिंग, सिग्नल सहित बिल्डिंग आदि का काम पूरा होते ही जून-जुलाई के मध्य तक सवारी गाड़ी दौडऩे लगेगी। सीकर लुहारु के बीच ट्रैक का काम पूरा होने के बाद जयपुर से चूरू के बीच ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट का काम शुरू किया जाएगा।ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट के तहत छह महीने पहले मीटर गेज ट्रेनों का संचालन बंद कर पटरियां उखाड़ी गई। 22 फरवरी को ब्रॉडगेज की पटरियां बिछाने का काम पूरा हुआ। सोमवार को सीकर से लुहारु के बीच ट्रायल के लिए ट्रैक पर ब्रॉडगेज इंजन चलाया गया। सुबह आठ बजे लुहारु से रवाना हुआ इंजन 122 किमी की दूरी तय करते हुए दोपहर साढ़े तीन बजे सीकर जंक्शन पहुंचा। आधा घंटे बाद शाम चार बजे इंजन लुहारु के लिए रवाना किया गया। सीकर में टैक्सी यूनियन, दैनिक रेल यात्री संघ व जंक्शन स्टॉफ की ओर से इंजन लेकर पहुंचे रेल कर्मचारी और प्रोजेक्ट अधिकारियों का स्वागत किया गया। इससे पहले सूरजगढ़, चिड़ावा, रतन शहर, झुंझुनूं, नुवां, मुकंदगढ़, नवलगढ़, दादिया स्टेशन पर भी स्वागत कार्यक्रम हुआ।

15 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रायल
सीकर से लुहारु के बीच सोमवार को पहली बार 15 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलाया गया। मीटर गेज ट्रेनों का संचालन बंद करने के बाद फाटक से स्टाफ हटा दिया गया। ऐसे में सुरक्षा के लिए रेलवे पुलिस और अन्य स्टाफ को तैनात कर इंजन निकाला गया।


ट्रायल में सफलता
प्रोजेक्ट इंचार्ज उप मुख्य अभियंता निर्माण ओपी मीणा ने इंजन के साथ ट्रैक की ट्रायल ली। उन्होंने बताया कि ट्रैक बिछाने का काम सफल है। सभी काम पूर्ण होने बाद जून-जुलाई के मध्य तक गाड़ी का संचालन शुरू किया जा सकता है। मीणा ने बताया कि ट्रैक पर गाड़ी का संचालन शुरू होने के बाद शीघ्र ही दिल्ली, मुंबई, सूरत, गुजरात, हावड़ा आदि बड़े शहरों के लिए भी ट्रेन चलने लगेगी।

सीकरत्न सीकर से लुहारु के बीच ब्रॉडगेज इंजन चलने के साथ ही शेखावाटी के लोगों की बजट से उम्मीदें बढ़ गई हैं। मंगलवार को पेश होने वाले रेल बजट में शेखावाटी को प्रमुखता से सीकर दिल्ली ट्रेन और जयपुर से चूरू ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट के लिए पूरा पैसा चाहिए। इसके साथ ही पहले से सर्वे हो चुकी रेल लाइनों के लिए बजट चाहिए। रेल बजट में आमजन की सुविधा के लिए नई ट्रेन और रेल लाइन के लिए सांसद ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखा है।
हमारी जरूरत
:सीकर से दिल्ली सवारी गाड़ी।
:जयपुर से चूरू वाया सीकर ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट के लिए
पूरा पैसा।
:सीकर को मॉडर्न स्टेशन का बजट व मेंटिनेंस स्टेशन की घोषणा।
:चंडीगढ़ से बांद्रा वाया रींगस ट्रेन प्रतिदिन हो।
:दिल्ली सरायरोहिला से बांद्रा वाया रींगस ट्रेन प्रतिदिन हो।
:रेवाड़ी से फुलेरा सवारी गाड़ी को अजमेर तक बढ़ाया जाए।
:रींगस से डीडवाना वाया खाटू रेल लाइन, नोखा सीकर वाया सालासर रेल लाइन का बजट।
:सीकर से नीमकाथाना, पिलानी से भिवानी व सरदारशहर से हनुमानगढ़ लाइन सर्वे का बजट।
:सादुलपुर से तारानगर रेल लाइन का बजट