Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Mar 02, 2013 - 03:00:47 AM


Title - ट्रेनों से भर दी ट्राइसिटी की झोली
Posted by : AllIsWell on Mar 02, 2013 - 03:00:47 AM

चंडीगढ़। रेल मंत्री पवन बंसल ने मंगलवार को पेश रेल बजट में ट्राइसिटी की ट्रेनों से झोली भर दी। उन्होंने चंडीगढ़ में रह रहे हर वर्ग, राज्य और धर्म के लोगों की मांग का अपने बजट में ध्यान रखा। जहां सिखों के पवित्र धर्मस्थल हजूर साहिब नांदेड़ और पटना साहिब के लिए ट्रेन दी, वहीं साईं भक्तों के लिए शिरडी जाने का प्रबंध कर दिया। आईटी उद्यमियों के लिए बंगलूरू जाने का रास्ता साफ किया, वहीं गोवा घूमने जाना भी आसान हो गया। इसके साथ-साथ अमृतसर के लिए सुबह मार्निंग शताब्दी का स्पेशल गिफ्ट भी ट्राइसिटी वासियों को बंसल ने दिया। अब चंडीगढ़ से भोपाल और उत्तराखंड जाना भी आसान हो जाएगा।

ये नई ट्रेनें चलेंगी
1. सुबह चंडीगढ़ से अमृतसर जाएगी इंटरसिटी
दो साल पहले मिली दुरंतो ट्रेन से चंडीगढ़-अमृतसर जुड़ तो गया, लेकिन इस ट्रेन के शाम को चलने से यात्रियों को दिक्कत रही। अब बंसल ने अमृतसर के लिए मार्निंग इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की, जो मोहाली होते हुए जाएगी।
2. मध्यप्रदेश भ्रमण कराएगी नई ट्रेन
शहर से सीधे तौर पर मध्यप्रदेश के लिए कोई भी ट्रेन नहीं थी। बजट में इंदौर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने की घोषणा हुई है। यह ट्रेन मध्यप्रदेश के देवास, उज्जैन, गुना, ग्वालियर समेत कई शहरों को जोड़ेगी। उज्जैन में प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भी है।


ये नई ट्रेनों गुजरेंगी चंडीगढ़ होकर
1. साईं भक्तों को किया खुश
कालका से चंडीगढ़ होते हुए कालका-साईं नगर शिरडी एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन शिरडी दर्शन कराएगी। इस ट्रेन से रेलमंत्री ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को भी चंडीगढ़ से जोड़ दिया है।
2. कटरा से जुड़ गया चंडीगढ़
चंडीगढ़ से लुधियाना के लिए जल्द ही शुरू होने वाले रेल रूट पर कालका से जम्मू के कटरा तक रेल को चलाया जाएगा। इससे वैष्णों देवी जाने वाले भक्तों को सुविधा होगी। सप्ताह में दो दिन चलने वाली यह ट्रेन मोरिंडा होते हुए कटरा जाएगी।
3. हुजूर साहिब नांदेड़ की मांग हुई पूरी
सिखों के धर्मस्थल हजूर साहिब नांदेड़, महाराष्ट्र के लिए ट्रेन चलाने की मांग पिछले कई सालों से हो रही थी। नांदेड़ के लिए ऊना से चंडीगढ़ होते हुए साप्ताहिक ट्रेन चलाई जाएगी।
4. उत्तराखंड के लिए मांग हुई पूरी
उत्तराखंड के लोगों के लिए सप्ताह में एक दिन अमृतसर से चंडीगढ़, अंबाला होते हुए काशीपुर, हल्द्वानी और लालकुंआ तक ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है।
इन ट्रेनों का होगा विस्तार
1. बंगलूरू की ट्रेन मिली
आईटी हब बंगलूरू के लिए भी चंडीगढ़ से ट्रेन की सुविधा मिलेगी। बंगलूरू से दिल्ली तक आने वाली यशवंतपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस को दिल्ली से बढ़ाकर अब चंडीगढ़ तक कर दिया गया है। यह ट्रेन चंडीगढ़ से बंगलूरू के लिए दो दिन चलेगी।
2. लखनऊ की बजाय पटना तक जाएगी सद्भावना
गुरुद्वारा पटना साहिब के साथ-साथ पूर्वांचल को भी रेलमंत्री पवन बंसल ने सिटी ब्यूटीफुल से जोड़ दिया है। चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन के लिए चंडीगढ़ से पटना चलाया जाएगा।
3. मुंबई के लिए तीसरी और गोवा की दूसरी ट्रेन मिली
गोवा के मडगांव से चलकर हजरत निजामुद्दीन तक चलने वाली गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को अब चंडीगढ़ तक बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन सप्ताह में चंडीगढ़ से मडगांव तक दो बार चलेगी। गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस नवी मुंबई होकर जाएगी। ऐसे में मुंबई के लिए यह तीसरी ट्रेन होगी, जबकि गोवा के लिए यह दूसरी ट्रेन है। कोच्चीवेली ट्रेन गोवा होकर जाती है।
इन ट्रेनों के बढ़े फेरे
चंडीगढ़ से हर बुधवार को चलने वाली कोच्चीवेली एक्सप्रेस को एक दिन की बजाए दो दिन कर दिया गया है। इसी तरह से चेन्नई जाने वाली एक दिन की ट्रेन को दो दिन कर दिया गया है। यह ट्रेन सोमवार को जाती है।