Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Aug 15, 2012 - 00:01:41 AM


Title - ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं
Posted by : eabhi200k on Aug 15, 2012 - 00:01:41 AM

वाराणसी। ट्रेनों में यात्रियों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता सुधारी जाएगी। पैकिंग भी मानक के अनुरूप कराई जाएगी। इसके साथ ही गंदी चादर और तकिया मिलने की शिकायतें भी दूर की जाएंगी। ट्रेनों में इसकी जांच के लिए विभिन्न अधिकारियों को लगाया गया है। इनकी रिपोर्ट मिलते ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
यह जानकारी सीनियर डीसीएम एके श्रीवास्तव ने पत्रकारों से बातचीत में दी। कैंट स्टेशन, वाशिंग लाइन और सिगरा स्थित बेस किचन के निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बताया कि कई स्थानों से ट्रेनों में खाना ठीक न मिलने की शिकायतें आ रही हैं। यहां तक कि आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्त काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों ने भी ऐसी शिकायत की है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लाज्मा टीवी के जरिये आरक्षण की जानकारी मिलने लगेगी। लखनऊ में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह सिस्टम चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म पर यात्रियों की सुविधा के लिए क्वाइन मशीन भी लगाई जाएगी।
वाशिंग लाइन और गुलर यार्ड में बार-बार हो रही दुर्घटनाओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर रेलवे गंभीर है। खामियों पर रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। इस समस्या को जल्द दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैंट स्टेशन पर महाकुंभ के दौरान यात्रियों के लिए सुविधाएं और बढ़ाई जाएंगी। प्लेटफार्मों पर माड्यूलर स्टाल लगाए जाएंगे। आधुनिक ट्रालियां और स्टाल लगाने का कार्य अविलंब शुरू कराने और स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। इसके पूर्व निरीक्षण के दौरान के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक आमोद कुमार गुप्ता, स्टेशन प्रबंधक एके पांडेय आदि भी साथ रहे।