Indian Railways News => Topic started by puneetmafia on Dec 12, 2012 - 12:00:27 PM


Title - टूटी पटरी से गुजर गई ट्रेनें
Posted by : puneetmafia on Dec 12, 2012 - 12:00:27 PM

जागरण संवाददाता, आगरा :

राजा की मंडी स्टेशन के समीप मंगलवार शाम बड़ा हादसा होने से टल गया। जब टूटी पटरी से एक के बाद एक तीन गुड्स ट्रेनें गुजर गई। ट्रेन चालक ने पटरी टूटी होने की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। इस पर पंजाब मेल सहित अन्य ट्रेनों को जहां का तहां रोक दिया गया। इंजीनियरों ने ट्रैक की मरम्मत की तब जाकर दिल्ली रूट शुरू हो पाया।

राजा की मंडी से कैंट स्टेशन के बीच 1344 किमी पर मंगलवार शाम करीब छह बजे डाउन लाइन में पटरी टूट गई। इसकी जानकारी दोनों स्टेशनों के अफसरों को नहीं हुई। झेलम एक्सप्रेस के चालक की नजर टूटी पटरी पर पड़ी, चालक ने इस बारे में कंट्रोल रूम को बताया। इससे अफसरों में खलबली मच गई। डाउन लाइन में ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। पंजाब मेल को कैंट स्टेशन के समीप एक घंटा तक खड़ा रखा गया। वहीं अन्य ट्रेनों की हालत भी कुछ ऐसी ही रही। इंजीनियरों ने ट्रैक की मरम्मत का काम पूरा किया। ट्रैक में लगे कई तार भी टूटे हुए थे। जिससे सिगनल में परेशानी आ रही थी। करीब एक घंटा के बाद दिल्ली रूट पर रेल यातायात सामान्य हुआ।

मोबाइल वैन ने किया जागरूक

आगरा : कैंट स्टेशन में मंगलवार सुबह मोबाइल वैन पहुंची। वैन के माध्यम से मानव रहित रेल फाटक को पार करने के बारे में बताया गया। वैन में लगी टीवी से लोगों को फिल्म भी दिखाई गई।

जीएम का दौरा आज

आगरा: उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद जोन के महाप्रबंधक (जीएम) आलोक जौहरी बुधवार को पलवल से कैंट तक निरीक्षण करेंगे। वे सुबह 5.45 बजे स्पेशल ट्रेन से कैंट पहुंचेंगे और फिर सुबह सात बजे पलवल स्टेशन। जीएम के आगमन को देखते हुए मंगलवार को अफसरों ने संबंधित रूट का निरीक्षण किया। कई स्थलों में सिगनल के खंभे बदले गए।