Indian Railways News => Topic started by irmafia on Mar 02, 2013 - 06:00:28 AM


Title - अनुभूति कोच के लिए रेडिका भी तैयार
Posted by : irmafia on Mar 02, 2013 - 06:00:28 AM

कपूरथला। रेल डिब्बा कारखाना (रेडिका) सुविधायुक्त अनुभूति कोच के निर्माण के लिए तैयार है। प्रस्तावित रेल बजट में रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने शताब्दी ट्रेनों में नई क्लास सुविधाओं युक्त अनुभूति कोच लगाने की घोषणा की है। ये डिब्बे कहां तैयार होने हैं और कब तक ये ट्रैक पर होंगे इस संबंध में अभी खुलासा होना है। रेडिका के अधिकारियों का कहना है कि हमारे पास इसके लिए योग्य इंजीनियर और कुशल कर्मचारी हैं। हालांकि अभी तक रेल कोच फैक्टरी कपूरथला को ऐसा कोई ऑर्डर नहीं मिला है।
बना सकता है 200 की रफ्तार वाले डिब्बे
देशभर में रेलवे को डिब्बों की 40 फीसदी आपूर्ति रेडिका कपूरथला ही कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार यह कारखाना 160 से 200 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर भी सुरक्षित दौड़ने वाले रेल डिब्बों के निर्माण में सक्षम है। इसी गति से दौड़ने वाली सेल्फ प्रोपेल्ड एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन तैयार करने में भी यह सक्षम है। दुर्घटना के दौरान न पलटने वाले एलएचबी कोचों का निर्माण रेडिका कर रहा है। शताब्दी और राजधानी ट्रेनों में ये डिब्बे लग रहे हैं। ऐसे में यह संभावना है कि अनुभूति कोचों के निर्माण का काम भी इसे मिल सकता है। इसके अलावा डबल डैकर कोच भी तैयार कर रहा है।
बजट में कुछ नहीं मिला
रेडिका के कर्मियों को इस बात से निराशा है कि इस बार बजट में इसके लिए कोई नई घोषणा नहीं की गई। यदि अनुभूति के निर्माण का काम रेडिका को मिलता है तो यह भी उसके लिए बजट की ही सौगात होगा।
अभी तो बजट पेश हुआ है। अभी तक रेडिका के पास अधिकारिक तौर पर कोई आर्डर नही आया है। अगर कोई आर्डर आया तो आरसीएफ जो बेहद आधुनिक रेल कोच फैकटरी है, उसके इंजीनियर व कुशल कर्मचारी हर प्रकार के कोचों का निर्माण करने के पूरी तरह सक्षम हैं।
-वरिंदर विज, वरिष्ठ जन संपर्क अधिकारी, आरसीएफ