Indian Railways News => Topic started by Mafia on Mar 10, 2013 - 08:00:06 AM


Title - सिर्फ तीन घंटे में अजमेर-जोधपुर
Posted by : Mafia on Mar 10, 2013 - 08:00:06 AM

अजमेर। पुष्कर से मेड़ता के बीच नया रेलवे ट्रेक अजमेर के लिए महत्वपूर्ण तोहफा साबित होगा। महज 60 किलोमीटर नई रेल लाइन डलने पर जिले की जनता के लिए मुम्बई, अहमदाबाद वाया बीकानेर होते हुए पंजाब एवं जम्मू के लिए एक नया रेल मार्ग खुल जाएगा। यही नहीं, अजमेर-जोधपुर के बीच की दूरी साढ़े पांच घंटे की बजाए सिर्फ तीन घंटे में तय होगी।
रेलवे बजट में पुष्कर-मेड़ता के बीच नए रेल मार्ग की घोष्ाणा के साथ ही जिले ने जल्द ही इस रेल मार्ग का काम शुरू होने की उम्मीद पाल ली है। अजमेर-जोधपुर का मौजूदा रेलमार्ग 240 किलोमीटर लंबा है। इस मार्ग पर टे्रन को वाया ब्यावर, हरिपुर, मारवाड़ जं., पाली मारवाड़, लूनी होते हुए जोधपुर पहुंचने में साढे पांच घंटे लग जाते हैं। जबकि प्रस्तावित रेल मार्ग मदार, पुष्कर, मेड़ता रोड होते हुए जोधपुर तक की दूरी 200 किलोमीटर होगी। हालांकि दोनों शहरों के बीच नए रेल मार्ग से महज 40 किलोमीटर की दूरी घटेगी लेकिन स्टेशनों की संख्या कम होने के कारण ट्रेन तीन घंटे में ही पहुंच जाएगी।
जोधपुर-मेड़ता रोड डेढ़ घंटे में
जोधपुर से मेड़ता रोड तक 104 किलोमीटर की दूरी है। वर्तमान में पीपाड़ रोड, गोटन होते हुए ट्रेन से यह सफर डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा है। मेड़ता रोड से पुष्कर होते हुए अजमेर की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है। लिहाजा नया रेलवे मार्ग खुला तो अजमेर-जोधपुर की दूरी तीन घंटे में पूरी होगी।
बनाना है 59.18 किलोमीटर रेल मार्ग
पुष्कर से मेड़ता रोड की दूरी 70.88 किलोमीटर है। मेड़ता रोड से मेड़ता सिटी तक 11.70 किलोमीटर रेल पटरी पहले से ही बिछी हुई है। रेलवे को पुष्कर से रियां होते हुए मेड़ता सिटी तक सिर्फ 59.18 किलोमीटर नया रेलवे ट्रेक बिछाना है। इससे यह रेल मार्ग सीधे अजमेर से जुड़ जाएगा। इसके बाद अजमेर का मुम्बई, अहमदाबाद एवं बीकानेर होते हुए पंजाब और जम्मू के लिए एक नया रेलवे मार्ग खुल जाएगा। इससे अजमेर से अनेक नई ट्रेनें चलने की संभावना बनेगी।
पुष्कर-मेड़ता सिटी परियोजना की फैक्ट फाइल
दूरी- 59.18 किलोमीटर
लागत- 322.98 करोड़ (प्रारंभिक अनुमान )
भूमि अघिग्रहण- 218.02 हैक्टेयर
पुल- 99
आरयूबी-25