Indian Railways News => Topic started by irmafia on Jun 12, 2013 - 19:30:07 PM


Title - Bharat Darshan train is popular among pilgrims
Posted by : irmafia on Jun 12, 2013 - 19:30:07 PM

नई दिल्ली। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आइआरसीटीसी) की ओर से देश के विभिन्न हिस्से से चलाई जाने वाली विशेष टूरिस्ट ट्रेन भारत दर्शन यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो रही है। जिससे प्रति वर्ष इस विशेष ट्रेन व यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है।

आइआरसीटीसी ने वर्ष 2004-05 में इस विशेष ट्रेन की सेवा शुरू की थी। पहले वर्ष सिर्फ सात ट्रेनें चलाई गई। जबकि उसके अगले साल में इसकी संख्या कम होकर पांच हो गई थी। पहले दो वर्षो जहां दो हजार यात्रियों ने इसकी सेवा ली थी। वहीं पिछले वर्ष (2012-13) देश के विभिन्न हिस्से से 75 भारत दर्शन ट्रेन चलाई गई। जिससे 35 हजार से ज्यादा यात्रियों ने यात्रा की।

इस वित्त वर्ष के पहले दो माह में छह स्थानों से यह ट्रेन रवाना हो चुकी है। जबकि अगले कुछ दिनों में दो अन्य ट्रेन रवाना होने वाली है। एक ट्रेन 16 जून को लखनऊ से चलेगी। पांच दिनों की इस यात्रा में पर्यटक शिरडी के साईं बाबा व त्रयंबकेश्वर के दर्शन कर सकेंगे। इसी तरह से 23 जून को वाराणसी से भी एक ट्रेन चलेगी। शीघ्र ही दिल्ली से भी ज्योतिर्लिग व दक्षिण दर्शन सहित तीन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।

सात स्लीपर कोच तथा एक पेंट्री कार वाली इस विशेष ट्रेन की व्यवस्था आइआरसीटीसी रेलवे के साथ मिलकर करती है। हालांकि पर्यटन को ध्यान में रखकर यह ट्रेन कई स्थानों से चलाई जाती है, लेकिन सबसे ज्यादा लोकप्रिय तीर्थ यात्रियों के बीच है। इनके लिए चार धाम यात्रा, 12 ज्योतिर्लिंग यात्रा, शिरडी साईं बाबा यात्रा के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाती है।

तीर्थ यात्रियों में लोकप्रिय होने का सबसे मुख्य कारण इसका अलग-अलग तीर्थ यात्राओं के लिए रूट व समय निर्धारित होने के साथ ही इसका सस्ता होना है। इसमें प्रति यात्री रोजाना पांच सौ रुपये के हिसाब से किराया लिया जाता है। जिसमें उन्हें शाकाहारी भोजन, जरूरत अनुसार रात्रि विश्राम की सुविधा तथा स्टेशन से पर्यटन स्थल तक रोड से ले जाने की सुविधा शामिल है।

आइआरसीटीसी के जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप कुंडु का कहना है कि यात्रियों के रूझान को देखते हुए प्रत्येक वर्ष इस विशेष टूरिस्ट ट्रेन की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।