Indian Railways News => Topic started by RailXpert on Jul 08, 2013 - 08:00:23 AM


Title - मेट्रो के लिए एचटी लाइन होगी शिफ्ट
Posted by : RailXpert on Jul 08, 2013 - 08:00:23 AM

संवाददाता, नोएडा : सिटी सेंटर सेसेक्टर-62 तक प्रस्तावित मेट्रो ट्रैक के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को शिफ्ट करने के साथ हाईटेंशन लाइन (एचटी लाइन) के टावर की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। यह कार्य चार जगह किया जाएगा। कार्य शुरू करने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम और नोएडा प्राधिकरण के विद्युत एक यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों बैठक कर चुके हैं। दोनों विभाग सामूहिक रूप से कार्य करेंगे। जिससे कार्य को जल्द पूरा किया जा सके।
सिटी सेंटर से सेक्टर-62 मॉडल टाउन चौकी तक चार जगह बिजली के तार प्रस्तावित ट्रैक के ऊपर से गुजर रहे हैं। इन तारों को हटाने के लिए लंबी लाइन डालने की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में नई लाइन बनाने में खर्च अधिक होगा और समय भी अधिक लगेगा। ऐसे में विद्युत वितरण निगम और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने वार्ता कर मौके का निरीक्षण किया। दोनों विभाग के अधिकारियों ने निर्णय लिया कि नई लाइन डालने के बजाय तारों को शिफ्ट किया जाना और बिजली की लाइन के टावरों को ऊंचा किया जाना बेहतर विकल्प है। इसके लिए टावर के पास में नया टावर लगाया जाएगा। इसकी ऊंचाई इतनी होगी कि नीचे से गुजर रहे मेट्रो के ट्रेक से तारों की ऊंचाई काफी अधिक होगी। जिससे भविष्य में कोई दिक्कत न हो। एचटी लाइन होने के कारण टावर बनने के बाद एक-एक दिन में एक-एक टावर से लाइन को शिफ्ट करने का कार्य किया जाएगा। जिससे पूरी लाइन को कई दिन तक बंद न रखा जाए। एचटी लाइन होने के कारण इससे शहर के काफी बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति होती है। लाइन बंद करने पर काफी लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। वहीं मेट्रो के प्रस्तावित ट्रैक के पास कई जगह भूमिगत केबल भी आ रही हैं। इन्हें शिफ्ट करने की तैयारी पूरी की जा चुकी है। उम्मीद की जा रही है इस माह के अंत में दोनों कार्य शुरू किए जाएंगे। भूमिगत लाइनों को जल्द शिफ्ट कर दिया जाएगा। टावर बनाने में कुछ समय लगेगा, ऐसे में लगभग तीन माह में इस कार्य को पूरा किया जाएगा।