Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jul 07, 2013 - 12:00:31 PM


Title - ईडी सेफ्टी ने खंगाला रेलवे स्टेशन
Posted by : railgenie on Jul 07, 2013 - 12:00:31 PM

रेलवे बोर्ड की एगजेक्टिव डायरेक्टर (सेफ्टी) विजय लक्ष्मी ने शनिवार अमृतसर रेलवे स्टेशन का दौरा किया। विजय लक्ष्मी के इस दौरे से स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। ईडी ने अपने दौरे के दौरान अमृतसर रेलवे स्टेशन का हर कोना खंगाला। आगे-आगे चल रही महिला अधिकारी के पीछे फिरोजपुर डिवीजन व स्थानीय अधिकारियों की पूरी फौज मौजूद थी। अधिकारियों की रेलवे स्टेशन पर आमद से एक बात तो साफ हो गई है कि उनके आने पर ही स्टेशन पर सफाई व्यवस्था सही रखी जाती है।
ईडी सेफ्टी विजय लक्ष्मी ने रेलवे स्टेशन पर स्थित खानपान के स्टालों की चेकिंग से अपना दौरा शुरू किया। उन्होंने स्टालों पर ड्यूटी देने वाले कर्मियों के मेडिकल प्रमाणपत्र चेक किए।
विजय लक्ष्मी ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मो पर स्थित खानपान के स्टालों व प्लेटफार्मो की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जहां उन्हें थोड़ी बहुत भी गंदगी दिखी उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि वह सफाई व्यवस्था दुरस्त रखें।
विजय लक्ष्मी ने अधिकारियों के साथ प्लेटफार्म नंबर एक पर बने भोजनालय में दस्तक दी। पहले तो उन्होंने भोजनालय के रसोईघर में चेकिंग की। इसके बाद उन्होंने यात्रियों से यह जानकारी ली कि जो खाना उन्हें परोसा गया है उसकी क्वालिटी से वह संतुष्ट हैं या नहीं।
इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्लेटफार्मो का दौरा करने के अलावा पार्सल कार्यालय व रिटायरिंग रूम, वेटिंग हाल, महिलाओं व पुरुषों के लिए बने वेटिंग रूम का जायजा लिया।
ईडी ने रेलवे यार्ड का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश दिए कि जब तक यार्ड का पूरा ट्रैक नहीं बदला जाता तब तक वह सतर्कता से काम करें। ईडी विजय लक्ष्मी द्वारा प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित पूछताछ केंद्र की जांच की। वहां ड्यूटी देने वाले कर्मियों का गर्मी में बुरा हाल होते देख उन्होंने पूछताछ केंद्र में एसी लगाने का आदेश दिया है।
नियमित रूप से होती
रहेगी चेकिंग : ईडी
रेलवे बोर्ड की एगजेक्टिव डायरेक्टर सेफ्टी विजय लक्ष्मी से दैनिक जागरण द्वारा पूछा गया कि उन्होंने चेकिंग के दौरान क्या खामियां पाई हैं तो उनका कहना था कि वह मीडिया को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकती। जब उनसे पूछा गया कि रेलवे स्टेशन पर तब ही सफाई होती है जब कोई आला अधिकारी आता है। अगर इस तरह की चेकिंग रेगुलर तरीके से हो तो स्टेशन का हुलिया बदल सकता है। इस पर विजय लक्ष्मी का कहना है कि रेलवे बोर्ड द्वारा थोड़े-थोड़े समय के अंतराल में नियमित रूप से चेकिंग की जाएगी। स्टेशन पर चेकिंग करने से पहले ईडी विजय लक्ष्मी ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में बने वीआईपी रूम में अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में हुई बातचीत की जानकारी नहीं मिल पाई।