Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Oct 28, 2012 - 19:30:12 PM


Title - आरक्षण नहीं मिलेगा तो कैसे होगा आना-जाना
Posted by : nikhilndls on Oct 28, 2012 - 19:30:12 PM

छठ-दीपावली में परदेशी हो गए परिजनों को एन नजर देखने की लालसा से गांवों में उनका इंतजार कर रहे लोगों को इस खबर से मायूसी ही मिलेगी। परदेश से आने वालों की लंबी कतार के मद्देनजर सबको गांव में आकर छठ करना इस बार भी शायद ही नसीब हो। रेलवे के तमाम प्रयासों के बावजूद यह कतार इतनी लंबी है कि सबका आना संभव ही नहीं लगता। टिकट नहीं मिलने के कारण इस बार शायद ही आ पाने के संदेश गांवों में पहुंचने लगे हैं। बेचैनी में परिजन अन्य स्टेशनों से आरक्षण की जुगत में लगे लेकिन सब जगह निराशा ही मिल रही है। तत्काल के नियम (यात्रा से 24 घंटे पूर्व) इतने कड़े हैं कि उसका भरोसा नहीं किया जा सकता। पिछले दिनों टिकटों की दलाली की शिकायत पर हुई कार्रवाई के कारण ऐसे लोगों से भी यात्री बच रहे हैं।वैसे तो हर वर्ष पर्व त्योहार के समय में आरक्षण को लेकर हाय तोबा की स्थिति बनी रहती है लेकिन इस वर्ष परेशानी ज्यादा लग रही है।दरभंगा जंक्शन के वैदेही आरक्षण केंद्र पर अहले सुबह से भीड़ उमड़ने लगती है लेकिन टिकट खिड़की से 'जगह नहीं है' का संदेश मिलने पर निराशा हाथ लगती है।
ट्रेनों में क्या है स्थिति=दरभंगा से पुरी जानेवाली 8420 पुरी एक्सप्रेस में 10 नवंबर तक इधर से जाने के लिए सीट नहीं है जबकि पुरी से दरभंगा लौटनेवाली ट्रेन में 20 नवंबर तक कोई आरक्षण उपलब्ध नहीं है। नई दिल्ली जानेवाली 2569 गरीब रथ में इधर से जान वालों के लिए 12 नवंबर तक आरक्षित बर्थ खाली नहीं है जबकि आनंद बिहार से जयनगर लौटने वाली गरीब रथ में छठ पर्व के बाद तक बर्थ खाली नहीं है। सीतामढ़ी से नई दिल्ली तक जानेवाली लिच्छवी एक्सप्रेस का भी यही हाल है। इस ट्रेन में दो नवंबर तक यहां से जाने के लिए आरक्षित बर्थ उपलब्ध नहीं है जबकि नई दिल्ली से सीतामढ़ी लौटने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस में छठ पर्व तक कोई बर्थ खाली नहीं है। जयनगर से रांची तक जानेवाली ट्रेन में रांची की ओर जाने वालों के लिए तो दो नवंबर के बाद सीट मिल जाएगी लेकिन छठ पर्व तक इस ट्रेन में भी उधर से कोई बर्थ नहीं है। साबरमती एक्सप्रेस का भी यही हाल है।

दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में 11 नवंबर तक कोई टिकट उपलब्ध नहीं है। वापसी (नई दिल्ली से दरभंगा) में 25 नवंबर तक कोई सीट खाली नहीं है। इसी तरह नई दिल्ली जाने वाली 2565 बिहार संपर्क क्रांति में 12 नवंबर तक सीट ्रखाली नहीं है जबकि नई दिल्ली से दरभंगा आनेवाली संपर्क क्रांति में 20 नवंबर तक आरक्षण टिकट की कोई गुंजाइश नहीं है। 1066 पवन एक्सप्रेस (दरभंगा से मुम्बई) में इधर से जाने के लिए भी 25 नवंबर तक कोई आरक्षण टिकट उपलब्ध नहीं है। उधर से आनेवाली पवन एक्सप्रेस में नवंबर में टिकट मिलना संभव नहीं है। दरभंगा से बंगलौर जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन में 21 दिसंबर तक कोई आरक्षित टिकट उपलब्ध नहीं है। उधर से आने वाली ट्रेन का भी यही हाल है। दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में ही लोग यहां आरक्षण टिकट पर लौट सकते हैं। दरभंगा से पुणे जानेवाली 1034 ज्ञानगंगा एक्सप्रेस में 20 दिसंबर तक के लिए यहां आरक्षण टिकट उपलब्ध नहीं है। कलकत्ता जानेवाली गंगा सागर एक्सप्रेस में छठ पर्व तक न आने और न जाने के लिए कोई आरक्षित टिकट है।

15234 कलकत्ता एक्सप्रेस में चार नवंबर तक यहां से जाने के लिए आरक्षित टिकट नहीं है जबकि कलकत्ता से दरभंगा आनेवाली इस एक्सप्रेस में छठ तक कोई टिकट उपलब्ध नहीं रहने की जानकारी है। हैदराबाद जाने वाली (7008) ट्रेन में 13 नवंबर के बाद ही आरक्षण हो सकता है जबकि हैदराबाद से दरभंगा लौटने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में छठ बाद ही सीट उपलब्ध हो सकता है।

रेलवेसूत्रों के मुताबिक आरक्षण काउंटर पर वेटिंग टिकट की भी मारामारी है। लंबी वेटिंग के कारण ऐसा टिकट देने से भी रेलकर्मी परहेज कर रहे हैं। पूजा स्पेशल ट्रेन में भी यही कशमकश की स्थिति है और इन ट्रेनों में भी छठ तक कोई आरक्षित टिकट उपलब्ध नहीं है।