Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Nov 09, 2012 - 00:00:03 AM


Title - 22 हजार लोगों ने देखी रेड-रिबन एक्सप्रेस
Posted by : riteshexpert on Nov 09, 2012 - 00:00:03 AM

अंबेडकरनगर : जिले में पहुंची रेड-रिबन एक्सप्रेस को देखने के लिए दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। दूसरे दिन 22 हजार 39 लोगों ने ट्रेन का अवलोकन किया, जबकि 398 लोगों ने एड्स से बचाव का प्रशिक्षण प्राप्त किया। 597 लोगों को काउंसिलिंग के दौरान चिकित्सकीय परामर्श से अवगत कराया गया है। वहीं एचआइवी के 526 जांचों में एक नमूना पॉजिटिव पाया गया।
दूसरे दिन के सत्र का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक गोविंद अग्रवाल ने किया। प्लेटफार्म नंबर-तीन के साइडिंग की ओर रुकी ट्रेन आम लोगों के अवलोकन के लिए खोले जाने के बाद टांडा बसखारी एवं जलालपुर विकासखंडों से आए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ट्रेन का अवलोकन कर बीमारियों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेर लोगों की सराहना बटोरी। स्कूली बच्चे घंटों कतारबद्ध होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते रहे। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसपी सिंह, डीआइओएस ओमकार सिंह, यूपी एड्स कंट्रोल सोसाइटी की जिला प्रभारी प्रीति पाठक, महाराजगंज के दयानंद गुप्ता, डीडीओ नरेंद्र त्रिपाठी, डीपीओ अजय कुमार, निरप्रसाद शर्मा व रेडक्रास के नजरुल बारी आदि मौजूद रहे।
वाहवाही बटोरी
अंबेडकरनगर : सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिन भर स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपने प्रतिभा का जलवा बिखेरा। दर्शकों ने छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति को जमकर सराहा। कार्यक्रम का शुभारंभ रामअवध स्मारक महाविद्यालय कसदहां, शुक्लबाजार की छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया। इसके उपरांत आर्य कन्या इंटर कॉलेज, टांडा, जीजीआइसी, अकबरपुर आदि विद्यालयों के बच्चों ने दिन भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को बीमारियों एवं उनसे बचाव के उपाय के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
रक्तदान के लिए प्रेरित किया
अंबेडकरनगर : रेडक्रास सोसाइटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर लगाए गए स्टाल का बुधवार को पुलिस अधीक्षक गोविंद अग्रवाल तथा मुख्य चिकित्साधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से अवलोकन किया। तथा गतिविधियों की सराहना की। सोसाइटी के प्रवक्ता नजरुल बारी द्वारा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। छात्र-छात्राओं को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया। रेडक्रास काउंसलर श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में वालंटियरों, रमाबाई पीजी कॉलेज की छात्राओं, डॉ. मनोज, डॉ. महेंद्र प्रकाश ने रेड-रिबन ट्रेन के अंदर व बाहर योगदान किया।
आज फैजाबाद रवाना होगी ट्रेन
रेड रिबन एक्सप्रेस गुरुवार की शाम फैजाबाद रवाना होगी। इससे पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक ओंकार सिंह द्वारा तीसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें कटेहरी, भीटी व भियांव ब्लॉक के लोग रेड रिबन एक्सप्रेस का अवलोकन करेंगे।