Indian Railways News => Topic started by railgenie on Oct 04, 2012 - 06:00:19 AM


Title - हाल्ट निर्माण की मांग को ट्रेन रोकी
Posted by : railgenie on Oct 04, 2012 - 06:00:19 AM

गोपालगंज, कार्यालय संवाददाता : पूर्वोत्तर रेलवे के फुलवरिया-हाजीपुर रेलखंड पर राजापुर गांव में हाल्ट के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 55542 डाउन सवारी गाड़ी को करीब एक घंटे तक रोककर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना पाकर पहुंचे आरपीएफ के जवानों तथा इंस्पेक्टर प्रणय कुमार ने लोगों को समझाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
जानकारी के अनुसार राजापुर तथा आसपास के गांवों के लोग पूर्व से ही फुलवरिया से हाजीपुर के बीच चलने वाली अप व डाउन ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे। इसके बाद भी उनकी मांगों की ओर रेलवे की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इसी बात पर बुधवार को अचानक उग्र हुए लोगों ने फुलवरिया से हाजीपुर के लिए चली सवारी गाड़ी को राजापुर गांव के सामने रोककर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि राजापुर में हाल्ट का निर्माण कराने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसी बीच आरपीएफ को इस बात की सूचना मिली और इंस्पेक्टर प्रणय कुमार ने लोगों को समझाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। हंगामे के कारण करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित हुआ।