Indian Railways News => Topic started by greatindian on Dec 09, 2012 - 15:00:54 PM


Title - विधायक जी, कहां गया रेलवे फ्लाई ओवर का वादा
Posted by : greatindian on Dec 09, 2012 - 15:00:54 PM

फरीदकोट : शहर से मोगा की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित रेलवे फाटक के रेलगाड़ियों के आवागमन के वक्त बंद रहने से रोजाना लगने वाले जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए फ्लाई ओवर के वादे किए, लेकिन फ्लाई ओवर का अभी तक निर्माण नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान शहरवासियों की प्रमुख मांगों में से एक रेलवे फाटक पर फ्लाई ओवर का मुद्दा खूब गर्माया था। वर्तमान विधायक दीप मल्होत्रा ने शहरवासियों से वादा किया था कि चुनाव जीतने के एक महीने के उपरांत वह फ्लाई ओवर बनवाने की दिशा में काम शुरू करवा देंगे। लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी फ्लाई ओवर का काम शुरू नहीं हो सका है। इससे शहरवासियों में विधायक के वादे को लेकर नाराजगी पाई जा रही है।शहरवासी संदीप अरोड़ा, प्रदीप बिटू व सुखदेव सिंह ने कहा कि अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़ एवं मोगा जाने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। लेकिन इस मार्ग पर चौबीसों घंटे रेलगाड़ियों का आवागमन भी लगा रहता है, जिससे रेलवे फाटक बंद रहता है। इससे यहां जाम की स्थित बनी रहती है।सुखदेव सिंह ने बताया कि इसके अलावा गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज मालवा के क्षेत्र का बड़ा अस्पताल होने के चलते यहां गंभीर रोगियों को लेकर हमेशा एंबुलेंस आती-जाती रहती हैं। वे भी जाम में फंस जाती है, जिससे कभी-कभी तो गंभीर मरीज की जान पर भी बन आती है।
प्रदीप बिटू ने बताया कि रेलवे फाटक के पार वाटर व‌र्क्स, बिजली विभाग के कार्यालय, बीएसएफ का हेड क्वार्टर, दशमेश डेंटल कालेज एवं दशमेश पब्लिक स्कूल भी स्थित है, जहां हमेशा लोगों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन रेलवे फाटक बंद होने पर जाम में फंसने से लोगों का समय खराब होता है।

क्या कहते हैं विधायक

विधायक दीप मल्होत्रा ने बताया कि शहरवासियों को हो रही परेशानी को देखते हुए रेलवे फाटक पर फ्लाई ओवर बनाने का प्रपोजल मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पास भेजा जा चुका है और इस दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक पर फ्लाई ओवर बनाने के लिए कई विभागों से अनुमति लेनी पड़ती है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है।