Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Oct 05, 2012 - 12:01:22 PM


Title - रेलवे फाटक के पास खराब ट्रक ने लगाया जाम
Posted by : riteshexpert on Oct 05, 2012 - 12:01:22 PM

दादरी : नगर से नोएडा व ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले मार्ग पर रेलवे फाटक के किनारे बने मंदिर के पास बृहस्पतिवार को एक ट्रक खराब हो गया। ट्रक खराब होने के कारण रेलवे फाटक पर जाम लग गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के कारण ग्रेटर नोएडा व नोएडा की कंपनियों में काम करने वालों को ड्यूटी जाने में परेशानी हुई।नगर के मुख्य तिराहे व जीटी रोड से ग्रेटर नोएडा को जाने वाले मार्ग पर दादरी रेलवे फाटक पर अधिक आवागमन के चलते जाम लगा रहता है। बृहस्पतिवार सुबह फाटक के पास बने मंदिर के सामने एक ट्रक के खराब होने पर सड़क पर यातायात जाम हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। रेलवे फाटक पर तैनात पुलिस ने गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई शुरू की, जिससे गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। सुबह के समय जाम लगने से ग्रेटर नोएडा व नोएडा की कंपनियों में काम करने वालों को ड्यूटी से वंचित रहना पड़ा। पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खराब ट्रक को हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। आए दिन रेलवे फाटक पर जाम की समस्या के चलते लोगों ने इधर से निकलना कम कर दिया है। निजी कंपनी में काम करने वाले शिव कुमार का कहना है कि आज समय पर कंपनी नहीं पहुंचने पर वेतन काट दिया जाएगा। रेलवे फाटक पर वर्षो से पुल न बनने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक एमएस मीणा का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के चलते दादरी व सूरजपुर पुलिस वाहन चालकों को गलत दिशा में फाटक पर लगा देते हैं, जिससे वाहन फाटक के बीच फंस जाते हैं और जाम लग जाता है। इससे रेलवे कर्मचारियों की परेशानी बढ़ जाती है और रेलों का आवागमन भी प्रभावित होता है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार का कहना है कि रेलवे फाटक पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस से अभद्रता करने वालों को भी जेल भेजा जाएगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लि