Indian Railways News => Topic started by eabhi200k on Sep 14, 2013 - 15:00:16 PM


Title - रेलवे पुलों के जीर्णोद्धार को दो करोड़
Posted by : eabhi200k on Sep 14, 2013 - 15:00:16 PM

जिवनाथपुर से जिगना रेलवे स्टेशन के बीच चुनार व मीरजापुर सर्किल के छह पुलों के जीर्णोद्धार के लिए दो करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है। इन पुलों के मरम्मत का काम भी शुरू हो गया है।
वर्ष 1837 में बने पुल जर्जर हो गए हैं। उन पर काशन पर ट्रेनों को चलाया जा रहा है। झिंगुरा रेलवे स्टेशन के पूरब तरफ 503 नंबर रेलवे पुल पर 50 किलोमीटर के काशन पर राजधानी सहित अन्य ट्रेनों को चलाया जा रहा है। पुल के समीप एक किलोमीटर दूरी में नई रेल लाइन बिछाकर नया पुल का निर्माण होगा। पहाड़ा-डगमगपुर रेलवे स्टेशन के बीच बेलवन नदी पुल की दीवारों में दरार पड़ गई है। उसमें बड़े-बड़े पेड़ उग गए हैं। उन्हें हटाया भी नहीं जा रहा है।
आमघाट रेलवे पुल के जीर्णोद्धार का टेंडर हो चुका है। अब काम शुरू होना बाकी है। इस पुल का स्लीपर बदला जाना है। इसी प्रकार नटवा पुल के जीर्णोद्धार का कार्य हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि पुल का जीर्णोद्धार यदि हो जाए तो ट्रेनें पूरी स्पीड से गुजरेंगी।
बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हो गया पुल
गैपुरा : गैपुरा-विरोही स्टेशन के बीच वर्ष भर पहले पुल का जीर्णोद्धार कराया गया था। आरोप है कि घटिया क्वालिटी की वजह से पुल इस बार की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे से आवागमन बंद है। ग्रामीणों ने निर्माण की जांच की मांग की है। विरोही गांव निवासी रामनरेश पाल का कहना है कि बोल्डर का भी एक मानक होता है। अधोमानक बोल्डर लगाने से यह हालत हुई है। मामले की जांच कराई जाए।
मामले की होगी जांच
उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद के डीआरएम हरेंद्र राव का कहना है कि निर्माण की क्वालिटी की जांच होगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खस्ता पुलों के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए बजट मिल गया है।