Indian Railways News => Topic started by Mafia on Jan 17, 2013 - 15:00:55 PM


Title - रेलवे : : यार्ड में गंदगी देख भड़के डीआरएम
Posted by : Mafia on Jan 17, 2013 - 15:00:55 PM

आगामी 25 जनवरी को जीएम के दौरे के मद्देनजर सोनपुर मंडल के डीआरएम आरएल गुप्ता ने बुधवार को स्थानीय जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान यार्ड के पश्चिम कूड़े कचरे की ढेर व प्लेटफॉर्म पर टूटे फर्श को देखकर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों की जमकर क्लास ली। इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को 25 जनवरी से पहले बिल्िडग का रंग रोगन करने, ट्रैक, नाले की सफाई करने व दीवार पर लगे बोर्ड को एक क्रम में करने का निर्देश दिया। श्री गुप्ता ने सरकुलेटिंग परिसर में गंदगी देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक जेपी त्रिवेदी को उसके चारों ओर लोहे के छड़ व फूलों का बगीचा लगवाने का आदेश दिया। प्लेटफॉर्म एक पर स्वचालित सीढ़ी के निर्माण को लेकर विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ शिकयत रजिस्टर व लेखा जोखा को अपडेट करने का निर्देश दिया। डीआरएम ने डीलक्स शौचालय का निरीक्षण करते हुए यात्रियों से पूछताछ की। प्लेटफॉर्म दो पर लीज के सामान बिखरे देखकर ट्रांजिट प्रभारी को जमकर फटकार लगाई। इस मौके पर सीनियर डीसीएम बीएनपी वर्मा, वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक शशि भूषण प्रसाद, डीएसओ एसी त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक जेपी त्रिवेदी, सीडीओ मनोज कुमार गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक सुधीर कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक शैलेन्द्र श्रीवास्तव, महेश कुमार सिन्हा आदि अधिकारी मौजूद थे।

ढोली स्टेशन पर कर्मियों को लगी फटकार

मुजफ्फरपुर : सोनपुर मंडल के डीआएम आरएल गुप्ता ने मुजफ्फरपुर- समस्तीपुर रेल खंड के ढोली, दुबहा, सिहो, सिलौत, नारायणपुर अनंत स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान ढोली स्टेशन पर यूटीएस काउंटर के पास सफाई व्यवस्था व यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं में कमी देखकर स्टेशन अधीक्षक व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि सफाई कर्मी की लापरवाही के कारण सफाई नियमित ढंग से नहीं हो रही है।

स्टेशन पर सुविधा बढ़ाने की मांग

सकरा के व्यवसायियों ने डीआरएम से थाना गुमटी से निमतल्ला चौक तक सड़क निर्माण, प्लेटफॉर्म संख्या दो पर शौचालय व पुल पर छावनी बनाने का मांग की। डीआरएम ने जल्द ही यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन दिया।