| Indian Railways News => | Topic started by RailXpert on Jan 14, 2013 - 21:00:22 PM |
Title - रेल मंत्री ने उठाया दिक्कतों का फाटकPosted by : RailXpert on Jan 14, 2013 - 21:00:22 PM |
|
|
श्री मुक्तसर साहिब : रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने मेला माघी में मालवा के लिए कई एलान किए। नई गाड़ी से लेकर उन इलाकों में रेल सुविधा की घोषणा की, जिसके लिए वहां के लोग वर्षो से तरस रहे थे। साथ ही तीन जगहों पर आदर्श रेलवे स्टेशन और कुछेक जगह पर नई रेलवे लाइन डलवाने का भी भरोसा दिया।रेलमंत्री बनने के बाद पहली बार श्री मुक्तसर साहिब में मेला माघी की सियासी कांफ्रेस में पहुंचे पवन कुमार बंसल ने कहा कि जल्द ही फिरोजपुर से दिल्ली तक जनशताब्दी चलाई जाएगी, कम पैसे में तेज रफ्तार वाली इस गाड़ी की मांग लंबे समय से फिरोजपुर वासी कर रहे थे। वहीं, बठिंडा से दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी गाड़ी जो रात को बठिंडा में रुकती है, को फाजिल्का तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों से बातचीत चल रही है। साथ ही गंगानगर से हरिद्वार को जाने वाली गाड़ी को ऋषिकेश तक करने पर भी विचार किया जा रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि तलवंडी साबो से हजूर साहिब तक रेल सुविधा के लिए तकनीकी माहिरों से बात की जाएगी। अगर ऐसा हो गया तो पांचों तख्त रेल मार्ग के जरिये एक साथ जुड़ जाएंगे। बंसल ने कहा कि गाड़ी नंबर 4731, गाड़ी नंबर 2481 और गाड़ी नंबर 4711 के साथ एक-एक और एसी डिब्बा लगाया जाएगा। श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का के रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन बनाया जाएगा, यहां पर सफाई के साथ-साथ यात्रियों के आराम पर भी ध्यान दिया जाएगा। साथ ही गिद्दड़बाहा में दो नई रेलवे लाइन डालने की योजना पर रेलवे अधिकारियों से बैठक की जाएगी।श्री हजूर साहिब को जाने वाली गाड़ी का गिद्दड़बाहा में स्टाप बनाने पर विचार किया जाएगा, लेकिन इसमें समय लगेगा क्योंकि इस गाड़ी का कुछ समय पहले ही बरनाला के ब्लाक तपा में स्टाप बनाया गया है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि पंजाब में महिलाओं के लिए रेलगाड़ी में अलग डिब्बा होगा, जिसमें कोई पुरुष नहीं सफर कर सकेगा। |