Indian Railways News => Topic started by riteshexpert on Dec 17, 2012 - 06:00:36 AM


Title - ब्रॉडगेज रूट पर रेलवे बोर्ड की मंजूरी का कुहासा
Posted by : riteshexpert on Dec 17, 2012 - 06:00:36 AM

ब्रॉडगेज रूट पर रेलवे बोर्ड की मंजूरी का कुहासा
जासं, हल्द्वानी: लालकुआं-बरेली रूट पर छाया रेलवे बोर्ड की मंजूरी का कुहासा अभी तक छंट नहीं सका है। इससे इस रूट पर नई तो दूर पुरानी ट्रेन के संचालन पर भी सालभर में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

लालकुआं से बरेली के बीच करीब 88 किलोमीटर लंबी मीटर गेज लाइन को ब्रॉडगेज में तब्दील करने में रेलवे को करीब सालभर का समय लगा है। सुस्त चाल की यह स्थिति तब है, जबकि इस रूट के पुल व बड़े निर्माण कार्य पहले ही करा लिए गए थे। ऐसे में एक जनवरी 2012 से मेगा ब्लॉक लिया गया। अब 12वां महीना चल रहा है। नवंबर में ही इज्जतनगर रेल प्रशासन ने ब्रॉडगेज को ट्रेन संचालन के तैयार बता दिया था, लेकिन अब मामला विधिवत शुभारंभ को लेकर अटका हुआ है। ऐसे में रेलवे की लेटलतीफी से सालभर से ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे हजारों लोगों को नए साल से ही नए सफर की उम्मीद नजर आ रही है।

पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर के सीपीआरओ अमित सिंह का कहना है कि रेलवे बोर्ड से ब्रॉडगेज के संचालन की तिथि तय नहीं हो पा रही है। इससे लालकुआं से बरेली रूट पर ट्रैफिक शुरू नहीं हो पा रहा है। फिलहाल, 22 दिसंबर के बाद संचालन की उम्मीद है।

काठगोदाम एफओबी की नींव तैयार, ढांचा खड़ा करने की तैयारी

हल्द्वानी: कुमाऊं के अंतिम रेलवे स्टेशन काठगोदाम को भले ए ग्रेड का दर्जा पहले ही मिल गया हो, लेकिन बुनियादी सुविधाएं अब जुड़ रही हैं। रेल प्रशासन ने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण के लिए नींव बनाने के बाद अब ढांचा खड़ा करने की तैयारी की है।

काठगोदाम रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को अब भी पटरी क्रास करके ही दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचना होता है। ऐसे में महिलाओं, बुजुर्ग, बच्चों एवं विकलांगों को खासी दिक्कत होती है। हालांकि स्टेशन के छोर पर अस्थायी रैंप बनाया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे ने दिक्कतों के मद्देनजर एफओबी को मंजूरी दी। इसके तहत दोनों प्लेटफार्म पर पुल की नींव तैयार करा ली गई है। वरिष्ठ अभियंता आरएस सोलंकी के मुताबिक एफओबी के पा‌र्ट्स पहले ही यहां पहुंच चुके थे। अब मुख्यालय से ब्रिज असेंबलिंग यूनिट ढांचा खड़ा करेगी। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।