Indian Railways News => Topic started by AllIsWell on Dec 24, 2012 - 18:00:04 PM


Title - बंसल साहब, इन योजनाओं को भी देखिए..
Posted by : AllIsWell on Dec 24, 2012 - 18:00:04 PM

रेल मंत्री पवन कुमार बंसल सोमवार को वैसे तो कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं मगर उनके आगमन के हवाले रेल से जुड़ी लंबित परियोजनाओं की चर्चा शुरू है। यह स्वाभाविक भी है। चर्चा में शामिल लोगों का मानना है कि मंत्री जी इस तरफ भी ध्यान देंगे।छपरा, हरनौत व मधेपुरा के रेल कारखाने के साथ-साथ बड़ी संख्या में दशकों से लंबित रेल परियोजनाओं की चर्चा अक्सर होती है। राजधानी के लोगों के बीच दो रेल परियोजनाओं और पटना जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाए जाने के प्रस्ताव पर बात हमेशा होती रहती है। दीघा से आर.ब्लाक के बीच के रेल लाइन को हटाकर पथ निर्माण विभाग ने वहां फोर लेन रोड बनाए जाने का प्रस्ताव काफी लंबी अवधि से तैयार है। दीघा-सोनपुर के बीच बनने वाले रेल सह सड़क पुल के निर्माण के बाद बांकीपुर-दानापुर रोड, बेली रोड व बोरिंग रोड पर अप्रत्याशित रूप से बढ़ने वाले ट्रैफिक लोड को ध्यान में रख दीघा-आर ब्लाक रेल खंड की जमीन पर सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव है। इस पर सुबह-शाम औपचारिक तौर पर रेलवे द्वारा ट्रेन चलाई जाती है जो रेलवे के लिए भी घाटे का सौदा है। ममता बनर्जी जिस वक्त रेल मंत्री थीं उस वक्त खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे भेंट कर इस परियोजना के बारे में बात की थी। सिद्धांत तौर पर सहमति भी बन गई थी। रेल अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया था। रेलवे को इस रेलखंड के एवज में जमीन दिए जाने की बात भी आगे बढ़ी पर तरह-तरह की मांग में मामला फंस गया। रेलवे को हाजीपुर एक साथ इतनी अधिक जमीन उस इलाके में चाहिए जहां जमीन उपलब्ध नहीं है। राज्य सरकार टुकड़ों में जमीन देने को राजी पर रेलवे के मौन में यह मामला अटक गया है।
दीघा-सोनपुर रेल सह सड़क पुल का मामला भी हर साल अपने लक्ष्य से एक वर्ष आगे बढ़ जाता है। इस रेल पुल का शिलान्यास प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। कई वर्ष पहले ही इसका निर्माण पूरा कर लिया जाना था पर पर्याप्त आवंटन के अभाव में तय अवधि में निर्माण कार्य पूरा हो पाना संभव नहीं दिख रहा है।
पटना जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन बनाए जाने की बात पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद के रेल बजट भाषण का हिस्सा है। यह सवाल भी प्रासंगिक है कि आखिर पटना जंक्शन कब बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन? नवनिर्मित पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से ट्रेन शुरू करने की बात है। औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं पर अब तक यहां से ट्रेनों का परिचालन आरंभ नहीं हो सका है।