Indian Railways News => Topic started by nikhilndls on Oct 06, 2012 - 20:00:10 PM


Title - प्रस्तावित मेट्रो प्रोजेक्ट ने उड़ाई कई लोगों की नींद
Posted by : nikhilndls on Oct 06, 2012 - 20:00:10 PM

चंडीगढ़। मेट्रो प्रोजेक्ट के रास्ते में सेक्टर-34 के जिन लोगों के मकान आ रहे हैं उनसे डीएमआरसी ने बात तो दूर अभी तक इसकी जानकारी भी नहीं दी है। सेक्टर-35 की शोरूम मार्केट के सामने सेक्टर 34 सी के साइकिल ट्रेक से लगते हिस्से के साथ मेट्रो स्टेशन बनना प्रस्तावित है। इस जानकारी के बाद यहां के निवासी चिंतित हो गए हैं।डीएमआरसी की रिपोर्ट में जिस जगह को चिन्हित किया गया है उसमें सेक्टर-34 सी के दो घरों के पिछले बरामदे मेट्रो स्टेशन की जद में आ रहे हैं। यह स्थल सेक्टर-34-35 की लाइटों से पहले सड़क के किनारे पर पड़ता है। यहां के लोगों के अनुसार मेट्रो के प्रस्तावित प्लान से 1832 से 1850 तक के मकानों में रहने वाले लोगों की परेशनी बढ़ जाएगी। इस ब्लाक के लोगों का कहना है कि स्टेशन बनने के बाद राहगीरों की भीड़ से भी कई तरह की समस्याएं पैदा हो जाएंगी। मौजूदा समय में भी यहां वी-4 रोड पर सबसे ज्यादा आवाजाही है। लोगों को आशंका है कि पार्किंग की जगह पर्याप्त न होने से लोग घरों के बाहर वाहन पार्क करने लगेंगे। इसके अलावा कई तरह के फड़ी वाले भी आ जमेंगे। सुरक्षा को लेकर भी दिक्कत हो जाएगी।लोगों का सुझाव सेक्टर-34 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने हाल ही में इस मामले पर सलाहकार और मुख्य वास्तुकार से मुलाकात कर अपनी उपरोक्त आशंकाओं को व्यक्त किया था। साथ ही सुझाव दिया था कि अगर स्टेशन वर्तमान चिन्हित जगह से 200 मीटर पहले पड़ी खाली जगह पर बना दिया जाए तो कोई दिक्कत नहीं आएगी। यहां स्टेशन के साथ-साथ पार्किंग के लिए भी जगह निकल आएगी।

कोट... मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते कौन-कौन से घर प्रभावित होंगे, इसे लेकर प्रशासन ने अभी तक यहां के रेजिडेंट्स की कोई राय नहीं ली है। यह भी नहीं बताया गया है कि कौन-कौन से घर प्रभावित होंगे। जिस प्रस्ताव की जानकारी मिली है उसके अनुसार तो स्टेशन ही गलत जगह पर बनाया जा रहा है। -साधु सिंह, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए -34

--

अभी तक की जानकारी में यही पता चला है कि मकान गली के दो घरों के पिछले बरामदे स्टेशन की जगह में आ रहे हैं। यह दो घरों का सवाल नही है, बल्कि रिहायशी इलाके में स्टेशन बनने से पूरे मोहल्ले की परेशानी कई तरह से बढ़ जाएगी। अभी प्लान में संशोधन किया जा सकता है। -एनएस मली, निवासी, कोठी नंबर- 1834

-- मेट्रो स्टेशन रिहायशी इलाके से दूर होना चाहिए। सेक्टर-34 बी में काफी जगह खाली है। इसलिए और जगह का अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। -अमित भाटिया, व्यापारी, सेक्टर-34 मार्केट

सेक्टर-34 में मेट्रो स्टेशन को लेकर दुविधा

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में मेट्रो के प्रस्तावित नार्थ-साउथ कॉरिडोर (कैपिटल कांपलेक्स से गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना) के तहत सेक्टर-34 में बनने वाले स्टेशन के एंट्री प्वाइंट को लेकर दुविधा की स्थिति है। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने भी अपनी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) में स्पष्ट किया है कि हिमालय मार्ग से सेक्टर-34 की तरफ बनने वाले स्टेशन का एंट्री प्वाइंट बनना मुश्किल है, क्योंकि यह जगह रिहायशी क्षेत्र के पास है। हालाकि डीएमआरसी ने डीपीआर में वैकल्पिक एंट्री प्वाइंट की बात नहीं कही है। ऐसे में सेक्टर-34 में मेट्रो का स्टेशन कहां बनेगा यह अभी तय नहीं है। यह स्टेशन सेक्टर-34 और 35 के निवासियों के लिए बनना है और यह स्टेशन सब सिटी सेंटर के तौर पर भी जाना जाएगा। डीपीआर जमा किए जाने के बाद सेक्टर-34 के निवासियों ने विरोध करना शुरू कर दिया था। इस सेक्टर के निवासियों ने प्रशासन को दिए ज्ञापन में सेक्टर-34 डी की जगह सेक्टर-34 ए में मेट्रो का स्टेशन बनाने का सुझाव दिया है। सेक्टर-34 में बनने वाला स्टेशन इस रूट का पांचवां स्टेशन होगा। यह स्टेशन जमीन के नीचे बनेगा। यहां से लोग चंडीगढ़ के सेक्टर-9, 22 जा सकेंगे और साथ ही में मोहाली के सेक्टर-62, 70 भी जा पाएंगे। इस रूट पर जमीन के ऊपर सेक्टर-52, 62, 70 (मोहाली) और गुरुद्वारा सिंह शहीदां में स्टेशन बनेंगे।